आगराउत्तर प्रदेश

आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य रुपए 1500 प्रति कुंतल करने व आलू को राशन वितरण प्रणाली में शामिल करने की जोरदार मांग

आगरा। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)व केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयन्त चौधरी के कल आगरा आगमन पर राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेताओं ने अनुरोध पत्र सौंप कर आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य रुपए 1500 प्रति कुंतल करने व आलू को राशन वितरण प्रणाली में शामिल करने सहित अकोला व किरावली के मिनी स्टेडियमों में आवश्यक उपकरण व कोच की व्यवस्था कराए जाने की जोरदार मांग रखी। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने श्री जयन्त चौधरी से कहा कि प्रदेश का आलू का किसान लगातार 3 साल से घाटा झेल रहा है आगरा में लगभग 82 हजार हेक्टेयर में आलू का उत्पादन होता है और देश प्रदेश का प्रमुख आलू उत्पादक जिला है। इस वर्ष भी आलू किसान की लागत नहीं निकल रही है। इसलिए केंद्र सरकार द्वारा हस्तक्षेप किए जाने की जरूरत है। इसलिए केंद्र सरकार अन्य फसलों की तरह आलू का भी न्यूनतम समर्थन मूल्य रुपए 1500 प्रति कुंतल घोषित कर सरकारी खरीदारी कराने की व्यवस्था करे ।
प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जयंत चौधरी को सुझाव देते हुए कहा कि आलू को राशन वितरण प्रणाली में शामिल किया जा सकता है जिससे गरीब जनता को लाभ मिलेगा और किसानों को भी लाभकारी मूल्य मिल पाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष नरेन्द्र बघेल ने कहा कि आलू की उत्पादन लागत 10 से 12 रुपए प्रति किलो आती है इसलिए आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य कम से कम ₹1500 प्रति कुंतल किया जाए।
अनुरोध पत्र में राष्ट्रीय लोकदल नेताओं ने कहा कि अकोला और किरावली में मिनी स्टेडियमों की हालत खराब है व खिलाड़ियों के लिए ना तो कोच की व्यवस्था है और न हीं उपकरणों की और इन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नौजवान खेलों और पहलवानी में शौक रखते हैं एवं सेना में जाने के लिए भी बड़ी संख्या में तैयारी करते हैं अतः उक्त स्टेडियमों की दशा सुधारते हुए खिलाड़ियों के लिए उचित उपकरण एवं योग्य प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाए।
राष्ट्रीय लोक दल नेताओं ने अनुरोध पत्र में यह भी कहा है कि करावली में महिला आईटीआई का भवन कई साल से बनकर तैयार खड़ा हुआ है लेकिन वहां अभी तक न तो प्रशिक्षकों की व्यवस्था है और न ही शिक्षण कार्य शुरू हुआ है अतः किरावली महिला आईटीआई को शीघ्र शुरू कराया जाए। जिससे क्षेत्र की बच्चियों को तकनीकी शिक्षा मिल सके और वह आत्मनिर्भर हो सके।
नेताओं ने अकोला के पहलवानों के लिए भी श्री जयंत चौधरी से रेसलिंग किट उपलब्ध कराई जाने की भी जोरदार मांग रखी।
अनुरोध पत्र लेने के बाद केंद्रीय मंत्री श्री जयन्त चौधरी ने कहा कि आलू सहित सभी मांगों पर मैं उचित और यथाशीघ्र कार्य करूंगा।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष द्वय कप्तान सिंह चाहर व नरेंद्र बघेल, प्रदेश सचिव डॉ रुपेश चौधरी व किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह रावत व संजीव शर्मा,ब्रज क्षेत्र महासचिव पुरुषोत्तम त्यागी, महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला, वरिष्ठ नेता आलोक चौधरी, बंटी चौधरी, मास्टर सुरेंद्र सिंह, गणेशी लाल तोमर आदि प्रमुख थे।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button