लखनऊ के प्राण की तरह हैं बाल्मीकि/धानुक समाज : डॉ दिनेश शर्मा
मजबूत शहर वही है जहाँ पर है मजदूरों का सम्मान

लखनऊ। राज्य सभा सांसद और यूपी के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि बाल्मीकि/धानुक समाज लखनऊ के प्राण की तरह है। ये श्रम शक्ति जितनी मजबूत होगी उतना ही प्रदेश भी मजबूत होगा। एक मजबूत शहर वही होता है जहाँ पर मजदूरों का सम्मान होता है।
त्रिलोकनाथ हाल, नगर निगम में लखनऊ नगर निगम सफाई कर्मचारी संयुक्त मंच के तत्वाधान में मजदूर दिवस के अवसर पर आयोजित कर्मचारी सम्मान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप मे सांसद ने कहा कि बाल्मीकि समाज के लोग सफाई व्यवस्था को चाक चौबंद रखकर माँ की तरह की भूमिका निभाते हैं।श्रम दिवस के इतिहास को बताते हुए कहा कि श्रमिक सही मायने में श्रम योद्धा हैं। स्वच्छता की गारंटी पीएम मोदी देते हैं और उन्होंने ही समाज के इस वर्ग के लोगों का कुंभ के दौरान चरण धोकर वंदन किया था। उन्होंने देश को संदेश दिया कि सभी लोग बराबर हैं और मिलकर देश का निर्माण करेंगे। एक समय वो था जब शाहजहाँ ने ताजमहल बनाने वालों के हाँथ काट दिए थे और एक ये समय है जब प्रधानमंत्री राम मंदिर निर्माण करने वालों का हाथ मिलाकर चरण धोकर स्वागत करते हैं। आज का भारत लोगों की एकजुट शक्ति के आधार पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए पोर्टल बनाने के साथ ही असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए आर्थिक सहायता की व्यवस्था की गई है। ३००० रुपये की पेंशन का प्रावधान भी अकुशल 60 वर्ष के ऊपर के कर्मचारियों के लिए किया गया है। देश में श्रम कानूनों का सरलीकरण किया गया है। बाल्मीकि समाज के हाँथ में हुनर है और वे किसी भी क्षेत्र में सफल हो सकते हैं। अपने घर के पास धानुक/ बाल्मिकी बस्ती होने का जिक्र करते हुए कहा कि बचपन से उनके साथ ही रहने का अवसर मिला है।वह महापौर रहते हुए समाज के इस वर्ग को करीब से जाना है। इनके साथ पारिवारिक संबंध हैं। लखनऊ की वर्तमान महापौर की तारीफ़ करते हुए उन्होंने कहा कि वे नगर की व्यवस्था को बेहतर बना रही हैं।
सांसद ने कहा कि देश बदल रहा है और आज का भारत डरता नहीं है और डराता भी नहीं है लेकिन दहाड़ता है। देश ऊंच नीच और हिंदू मुसलमान के भेदभाव से नहीं चलेगा। भाजपा योजनाओं का लाभ देने में भेदभाव नहीं करती है। जिस प्रदेश में सड़कों का पता नहीं होता था वहाँ पर आज सड़कों का जाल है और एक्सप्रेस वे प्रदेश कहला रहा है। देश में अशांति फैलाने का कुचक्र विदेशों से हो रहा है और इनमे फसना नहीं है। भारत अब पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों का सफाया करता है।
डॉ शर्मा ने कहा कि आज का यूपी माफिया और दंगे वाला प्रदेश नहीं है।पहले यूपी में माफियाराज था पर योगी बाबा के आने के बाद अब अगर सिपाही भी डंडा फटकार दे तो वे भाग खड़े होते हैं। आज देश प्रदेश आगे बढ़ रहा है उन्होंने कर्मचारियों की समस्या के समाधान का भरोसा भी दिया। उन्होंने वरिष्ठ सफाई कर्मचारियो एवं उनके परिजनों को सेवा व समर्पण के लिए कामरेड रत्न से सम्मानित किया, जिनका परिश्रम एवं समर्पण ही हमारे शहर का बल है।



