आटो में सवारियों का सामान चोरी करने वाले गैंग के दो गिरफ्तार
आगरा। हरीपर्वत पुलिस ने आटो में सवारियों का सामान चोरी करने वाले गैंग की महिला सहित दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से तीन सोने की अंगूठी, चेन और आठ हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इंस्पेक्टर हरीपर्वत आलोक कुमार ने बताया कि 25 नवंबर को महिला ने शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि वह 30 अक्तूबर को पति के साथ सुल्तानगंज की पुलिया से लोहामंडी जाने के लिए ऑटो में बैठी थीं। ऑटो में दो महिलाएं पहले से बैठी थीं। वह आपस में कुछ अलग भाषा में बात कर रही थीं। थोड़ी आगे जाकर ऑटो चालक ने लोहामंडी न जाने की बोलकर उतार दिया। इसके बाद 25 अक्तूबर को जब उन्होंने शादी में जाने के लिए अपने बैग को खोला तो उसमें रखा पर्स ब्लेड से कटा था। उसमें रखे गहने गायब थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार को गश्त के दौरान आईएसबीटी के पास वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े अब्बास नगर बोदला के विष्णु बघेल और शाहगंज के राजीव सिनेमा के पास की नंदिनी उर्फ भावना मराठा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बताया कि वह और उनकी अन्य महिला साथी के साथ ऑटो में बैठी सवारियों का कीमती सामान चोरी करते थे। इसके बाद उन्हें उतार कर निकल जाते थे।