30 जुलाई की किसान महापंचायत को लेकर तैयारियां तेज, 11 जुलाई को खंदौली में होगी रणनीतिक बैठक
डीके श्रीवास्तव

आगरा। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर 30 जुलाई 2025 को आगरा में होने वाली विशाल किसान महापंचायत एवं धरना-प्रदर्शन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में 11 जुलाई दिन शुक्रवार को दोपहर 12 बजे खंदौली स्थित टीएस मैरिज होम में एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में महापंचायत की रणनीति तय की जाएगी तथा धरना स्थल का अंतिम चयन किया जाएगा।
इसी तैयारी को लेकर आज बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर, जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया,बाबा फौरन सिंह,वीके सिंह चौधरी,प्रदेश प्रचार मंत्री गिर्राज सिंह नौहवार, महानगर अध्यक्ष मनीष वर्मा, मनीष उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी खंदौली पहुंचे। उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से संपर्क कर बैठक स्थल का निरीक्षण किया और आगामी रणनीतिक बैठक की तैयारियों का जायजा लिया।
बताया गया कि आगामी महापंचायत में किसानों के ज्वलंत मुद्दे जैसे भूमि अधिग्रहण, मुआवज़ा, गन्ना भुगतान, फसल बीमा, नकली खाद-बीज और बिजली संकट को लेकर सरकार से निर्णायक समाधान की मांग की जाएगी। यूनियन का दावा है कि यह महापंचायत पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी किसान आवाज़ बनकर उभरेगी।