आगराउत्तर प्रदेश

आगरा में किसान दिवस सम्पन्न, 26 जनवरी को जिला मुख्यालय तक निकलेगी ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा

आगरा। जनपद आगरा के संजय प्लेस स्थित विकास भवन पर आयोजित किसान दिवस में किसानों की ज्वलंत समस्याओं को सशक्त स्वर में उठाया गया। कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया के तेवर तीखे रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आदरणीय योगी आदित्यनाथ जी ने अधिकारियों की नियुक्ति लोककल्याण और किसानों के हितों की रक्षा के लिए की है, किंतु जमीनी स्तर पर अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं।
राजवीर लवानिया ने आलू निर्यात को लेकर सरकार की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक कोई ठोस मसौदा तैयार नहीं किया गया है, जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने गांव-गांव फैल रहे पॉलीथीन और प्लास्टिक के संकट पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे गंभीर बीमारियां पनप रही हैं, जिन पर तत्काल रोक आवश्यक है।
उन्होंने पशुपालन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी कड़ा प्रहार किया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि जनपद में पशुओं में खुरपका रोग फैला हुआ है, बावजूद इसके समय पर टीकाकरण नहीं हो रहा। गौशालाओं में पशुओं की दुर्दशा और बाहर छोड़े गए आवारा पशुओं से किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान पर उन्होंने सख्त व्यवस्था की मांग की। साथ ही, उन्होंने आगरा में आगामी महीनों में बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी।
कार्यक्रम में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 26 जनवरी को ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा बमरौली कटारा से प्रारंभ होकर होटल रमाडा होते हुए जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट, आगरा तक पहुंचेगी, जहां किसानों की मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा जाएगा।
जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने जनपद के समस्त किसानों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से तहसील अध्यक्ष रणजीत सिंह यादव, ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर हरेंद्र सिंह, दाताराम चंद्रभान सिंह, ग्राम अध्यक्ष नरेश जसावत सहित बड़ी संख्या में किसान नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button