डॉ चिन्मय पण्ड्या ने कटरा के धनौरी में की मां गायत्री की प्राण प्रतिष्ठा

हरिद्वार। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज ने जम्मू कश्मीर के कटरा क्षेत्र के अंतर्गत धनौरी में गायत्री चेतना केन्द्र स्थापित किया है। जहाँ से जम्मू कश्मीर में भारतीय संस्कृति का विस्तार किया जाना है। इसी शृंखला में अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉ चिन्मय पण्ड्या ने कटरा (जम्मू कश्मीर) केे गायत्री चेतना केन्द्र धनौरी में सद्बुद्धि की अधिष्ठात्री मां गायत्री, महाकाल शिव की प्राण प्रतिष्ठा की, तो वहीं युगऋषिद्वय की पावन स्मारक सजल श्रद्धा-प्रखर प्रज्ञा का लोकार्पण किया।इस दौरान युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि श्रद्धा, विश्वास और समर्पण मानव जीवन की सबसे बड़ी सम्पदा एवं शक्ति है। त्रिकूट पर्वत के मध्य स्थित गायत्री चेतना केंद्र के इस दिव्य प्राण-प्रतिष्ठा एवं जन्म शताब्दी की त्रिवेणी में हम श्रद्धा रूपी प्राण गुरुदेव को समर्पित करें। उन्होंने कहा कि परमात्मा की कृपा हमारे समर्पण व साधना पर निर्भर है। अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ प्रणव पण्ड्या एवं श्रद्धेया शैलदीदी के मार्गदर्शन में संचालित हो रहे गायत्री चेतना केंद्र, धनौरी कटरा में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के मध्य आयोजन सम्पन्न हुआ।इस अवसर पर मंडल आयुक्त जम्मू श्री रमेश कुमार, विधायक श्री बलदेव राज शर्मा, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष श्री सचिन कुमार वैश्य, डी एम रियासी श्री अभिषेक कुमार शर्मा, सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों को युगसाहित्य आदि भेंटकर युगऋषि के विचारों एवं जीवन-दर्शन से जुडऩे का विनम्र आग्रह किया गया।



