खंदौली में ब्राह्मण समाज ने फूंका सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी का पुतला, निष्कासन की मांग
अर्जुन पंडित

आगरा। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में बुधवार शाम कस्बा खंदौली में यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान ब्राह्मण समाज के लोगों ने राजकुमार भाटी का पुतला दहन कर नाराजगी जताई और समाजवादी पार्टी से उन्हें तत्काल निष्कासित किए जाने की मांग उठाई।
यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के निकट आयोजित विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली है। ऐसे बयान समाज में वैमनस्यता और ईर्ष्या का भाव पैदा करते हैं, जिससे सामाजिक एकता प्रभावित होती है।
चाणक्य सेना के पवन समाधिया ने कहा कि राजनीति में रहने वाले लोगों को संयमित भाषा का प्रयोग करना चाहिए। समाज के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए तथा राजनीतिक दलों को भी ऐसे नेताओं पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए समाजवादी पार्टी नेतृत्व से राजकुमार भाटी को पार्टी से बाहर करने की मांग की। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ इस मौके पर विनोद शर्मा,आनंद शर्मा,पवन पण्डित, बी के शर्मा, विश्वकांत मिश्रा, नेत्रपाल स्वामी,मनी शर्मा,वरुण शर्मा,आशीष दुबे,राकेश दुबे,अनीष उपाध्याय,अंकित शर्मा, पण्डित,नंदू उपाध्याय,श्याम शर्मा,अरुण शर्मा आदि मौजूद रहे।



