15 जून को स्वच्छता सँग पर्यावरण संरक्षण का देंगे संदेश, स्वच्छता नायकों का करेंगे सम्मान, पोस्टर किया जारी

आगरा। वाल्मीकि समाज द्वारा 15 जून, सोमवार को उत्तर प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य, वाल्मीकि समाज के लोकप्रिय जुझारू नेता कमल सिंह वाल्मीकि का जन्मदिन राष्ट्रीय सरोकार दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
शनिवार को महात्मा गाँधी मार्ग स्थित वाल्मीकि वाटिका में उपरोक्त जानकारी देते हुए समाजसेवियों द्वारा समारोह का पोस्टर विमोचन करके जारी किया गया।
उत्तर प्रदेश वाल्मीकि समाज के सरपंच समाजसेवी झिल्लो राम वाल्मीकि और भाजपा ब्रज क्षेत्र युवा मोर्चा के सह मीडिया प्रभारी अंकित वाल्मीकि ने संयुक्त रूप से बताया कि 15 जून, शनिवार को महात्मा गाँधी मार्ग स्थित वाल्मीकि वाटिका में सुबह 9:00 बजे से राष्ट्रीय सरोकार से जुड़े कार्यक्रम शुरू होंगे। इनमें सर्वप्रथम रामायण के रचयिता आदि कवि महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक एवं आरती होगी। फिर स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत वाल्मीकि वाटिका में सफाई की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत वृक्षारोपण किया जाएगा। राहगीरों को ठंडे शरबत का वितरण किया जाएगा। शीतल जल की प्याऊ लगाई जाएगी। शहर को स्वच्छ रखने वाले 60 स्वच्छता नायकों का सम्मान किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य कमल सिंह वाल्मीकि ने इस मौके पर वाल्मीकि समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र नायकों के सम्मान से बढ़कर जन्म दिवस का उत्सव और क्या हो सकता है। हम सबको अपना जन्म दिवस इसी तरह मनाना चाहिए।
इस दौरान वाल्मीकि समाज के नेता मिठ्ठन लाल साहू, वाल्मीकि जयंती के पूर्व संयोजक अर्जुन चौहान, रोहित चौहान, वाल्मीकि वाटिका के प्रमुख महंत रामजीलाल विद्यार्थी, वाल्मीकि समाज के युवा पहलवान प्रशांत सिंह, भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष ऋषभ साहू, शत्रु जीत पहलवान, करन खरे, सफाई मजदूर संगठन के अध्यक्ष कुलदीप ब्रह्म, अनुराग पंडित, वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के अध्यक्ष रोहित सिंह वाल्मीकि, महंत बाबा बिल्लू दास, सनी राज प्रधान और नगर निगम के सेनेटरी सुपरवाइजर सुमित चौहान भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।



