अपराधआगराउत्तर प्रदेश

युवती को गोली मारकर युवक ने खुद को मारी गोली

आगरा। खेरागढ़ कस्बे के गांव बंडपुरा में बीती शाम किसान विनय परमार ने लाइसेंसी पिस्टल से घर में घुसकर साझीदार की बेटी प्रीति की गोली मारकर हत्या कर दी। कुछ ही देर बाद उसने खुद भी कनपटी पर गोली मारकर जान दे दी। पुलिस ने प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का मामला बताया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। नगला कमाल निवासी विनय परमार गांव बंडपुरा के अमर सिंह के साथ 10 वर्ष से मिर्च की खेती कर रहे थे। अमर सिंह ने बताया कि खेत के पास ही घर होने से विनय का आना-जाना था। दोपहर करीब 12 बजे विनय खेत पर बनी झोपड़ी में पहुंचा। वहां देर तक बैठने के बाद वह घर की ओर गया। शाम करीब चार बजे वह पत्नी सुआ देवी और परिजन से विवाद करने लगा।
सुआ देवी ने उसे वहां से जाने के लिए कहा। तैश में आकर विनय ने अपने छोटे भाई चिंटू से अपनी लाइसेंसी पिस्टल मंगाई और लहराने लगा। सुआ देवी ने बताया कि इसी बीच उनकी 19 वर्षीय बेटी प्रीति घर से बाहर निकलकर आई। विनय ने लाइसेंसी पिस्टल बेटी की कनपटी से सटाकर दो गोलियां दाग दीं। प्रीति की मौके पर मौत हो गई। प्रीति के परिवारीजन व ग्रामीण आरोपी विनय परमार को पकड़ने भागे। तब तक विनय ने अपनी कनपटी में भी गोली मार ली। विनय के परिवारीजन उसे लेकर चिकित्सक के पास पहुंचे लेकिन मौत हो चुकी थी। गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर डीसीपी सोनम कुमार, एसीपी इमरान अहमद घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। परिजन प्रीति के लिए रिश्ता देख रहे थे। विनय इससे नाराज था। विनय शादीशुदा और पांच बच्चों का पिता था। वहीं, विनय के परिजन का पुलिस से कहना था कि दोनों परिवारों के बीच अच्छे संबंध थे। विनय ने यह कदम क्यों उठाया, वह खुद नहीं समझ पा रहे हैं। डीसीपी सोनम कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं पर छानबीन चल रही है। तहरीर नहीं दी गई है।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button