आगरा। इलाहाबाद हाईकोर्ट की खंडपीठ की आगरा में स्थापना समेत विभिन्न जनहित की मांगों को लेकर अधिवक्ताओं ने 4 अक्टूबर को चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल, दीवानी कचहरी के सामने उपवास किया। अधिवक्ताओं ने सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक उपवास कर आगरा के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया।
उपवास के दौरान अधिवक्ताओं ने आगरा में इलाहाबाद हाईकोर्ट की खंडपीठ स्थापित करने की मांग की। इसके साथ ही आगरा जनपद में जलस्तर बढ़ाकर किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
अधिवक्ताओं ने आगरा में एम्स की शाखा स्थापित करने, अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का निर्माण कराने तथा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थापित करने की मांग भी रखी। उनका कहना है कि इन मांगों से आगरा के विकास के साथ-साथ आम जनता, किसानों, युवाओं और क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम में आगरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष परमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। इस दौरान अरुण सोलंकी, शैलेंद्र रावत, आर.के. नीलम, ऋषिराज चौहान, भारत सिंह, एम.पी. सिंह, विलाल अहमद, नोशाद अहमद, महेंद्र बंसल, तजेंद्र लोधी, गीतम चौधरी, केशव शेखावत, विकास पचौरी, प्रतुल शर्मा, गौतम वर्मा, नरेंद्र, ज्ञानेंद्र, प्रतीक सिंघल, सम्यक एवं अनिल तोमर सहित अन्य अधिवक्ताओं ने सहभागिता की।
अधिवक्ताओं ने उपवास के माध्यम से आगरा की लंबे समय से चली आ रही विकास संबंधी मांगों को सरकार और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने आगरा के लिए न्यायिक, स्वास्थ्य, खेल, हवाई कनेक्टिविटी और सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
