India Samachar 24
गुरुवार, 26 नवंबर 2026
विज्ञापन
डॉ. विजय किशोर बंसल ने देशवासियों को दी नववर्ष 2027 की हार्दिक शुभकामनाएं

Delhi Hospitals: दिल्ली को अगले साल मिलेंगे 2 नए अस्पताल, 1815 बिस्तर बढ़ेंगे, 40 आरोग्य मंदिर भी खुलेंगे

नई दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं को बड़ा बढ़ावा मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा के बाद ऐलान किया कि अगले साल दिल्ली को दो नए अस्पताल मिल…

Delhi Hospitals: दिल्ली को अगले साल मिलेंगे 2 नए अस्पताल, 1815 बिस्तर बढ़ेंगे, 40 आरोग्य मंदिर भी खुलेंगे
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दो नए अस्पतालों से दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।

नई दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं को बड़ा बढ़ावा मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा के बाद ऐलान किया कि अगले साल दिल्ली को दो नए अस्पताल मिलेंगे, जिनसे राजधानी की कुल बिस्तर क्षमता में 1815 बिस्तर जुड़ जाएंगे। अगले महीने 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी शुरू हो जाएंगे।

सिरसपुर और हस्तल में बन रहे दो बड़े अस्पताल

सिरसपुर में बन रहा 1164 बिस्तरों वाला अस्पताल तैयार है। इसमें चिकित्सा उपकरणों की खरीद चल रही है और जनवरी के अंत तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है। हस्तल में बन रहे 651 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण भी अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों अस्पतालों के खुलने से आसपास के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी और मौजूदा अस्पतालों पर मरीजों का बोझ कम होगा।

अगले महीने खुलेंगे 40 नए आरोग्य मंदिर

दिल्ली में कुल 1139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 415 अभी काम कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य अगले महीने 40 और केंद्र खोलने का है। ये केंद्र 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 102वीं जयंती पर खोले जाएंगे। जिन आरोग्य मंदिरों में मरीजों की संख्या ज्यादा है, वहां दो पालियों में सेवाएं देने की योजना भी बन रही है, ताकि लोगों को अपने मोहल्ले में ही समय पर इलाज मिल सके।

मादीपुर और ज्वालापुरी में 691 बिस्तरों वाले अस्पताल

सरकार मादीपुर और ज्वालापुरी में 691-691 बिस्तरों वाले दो अस्पताल भी बना रही है। दोनों परियोजनाएं 2028 तक पूरी होंगी। मादीपुर अस्पताल 466.5 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है, जबकि ज्वालापुरी अस्पताल की अनुमानित लागत करीब 484 करोड़ रुपये है।

मातृ और शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

मौजूदा अस्पतालों में मातृ और शिशु स्वास्थ्य सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं। रोहिणी के बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल में 463 बिस्तरों वाला मातृ और शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक बन रहा है, जिसका ओपीडी ब्लॉक उद्घाटन के लिए तैयार है। राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल में 270 बिस्तरों वाला और खिचड़ीपुर के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में 460 बिस्तरों वाला ब्लॉक भी पूरा होने के करीब है। ये सुविधाएं जल्द शुरू होंगी।

बड़े अस्पताल परिसरों का एकीकृत पुनर्विकास

लोक नायक अस्पताल और मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज परिसर के एकीकृत पुनर्विकास की योजना पर भी काम चल रहा है। इस परियोजना की समयसीमा योजना और निर्माण सहित करीब 30 महीने तय की गई है। यमुना पार क्षेत्र के गुरु तेग बहादुर अस्पताल, राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट और इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड अलाइड साइंसेज को एक साझा संस्थागत ढांचे के तहत लाने के प्रयास भी चल रहे हैं। इसका मकसद विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं और इन संस्थानों के कामकाज को मजबूत करना है।

दो नए मेडिकल कॉलेज, बढ़ेंगी एमबीबीएस सीटें

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारका के इंदिरा गांधी अस्पताल और गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल में मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना बना रही है। दोनों प्रस्तावित कॉलेजों में 150-150 एमबीबीएस सीटें होंगी। बाबा साहेब आंबेडकर मेडिकल कॉलेज में सीटें 125 से बढ़ाकर 200 और मौलाना आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज में दंत चिकित्सा की सीटें 50 से बढ़ाकर 70 करने की प्रक्रिया भी चल रही है।

समय पर पूरा करने के निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी हों और उनमें अनावश्यक देरी न हो। स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →