गोरखपुर में कुल 9 विधानसभा सीटें हैं, और सभी सीटों पर विभिन्न पार्टियों के कई दावेदार सामने आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव अभी दूर है, लेकिन टिकट हासिल करने के लिए कई नेताओं ने मैदान में उतरकर प्रचार शुरू कर दिया है। इनमें कुछ बागी हैं, जिनके तेवर अभी से दिखने लगे हैं। बागियों ने संबंधित पार्टियों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है, और इनमें से कुछ तो पाला बदलकर दूसरे पाले में जा चुके हैं, बस औपचारिकता बाकी है।
चौरीचौरा में टप्पू का पाला बदलना
गोरखपुर की 9 विधानसभा सीटों में सबसे महत्वपूर्ण चौरीचौरा सीट की बात करते हैं। यहां अजय सिंह टप्पू काफी चर्चा में हैं, जो शहीद बंधू सिंह के परिवार से आते हैं। वह पिछले कई सालों से भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहे, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी से टिकट न मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा और 30,000 वोट हासिल किए थे। अब वे समाजवादी पार्टी का दामन थामने की तैयारी में हैं।
अखिलेश के दौरे पर होगा ऐलान
18 नवंबर को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे पर अजय सिंह टप्पू के सपा में शामिल होने की घोषणा की जाएगी। अखिलेश इस मौके पर चौरीचौरा में टप्पू के बड़े भाई विनय सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। साथ ही, शहीद बंधू सिंह की मूर्ति का अनावरण भी करेंगे। चौरीचौरा विधानसभा से अजय सिंह उर्फ टप्पू सिंह का टिकट पक्का माना जा रहा है, हालांकि यहां कई अन्य दावेदार भी मैदान में पहले से तैयार हैं, जो पार्टी के पुराने कार्यकर्ता भी हैं।
सपा के लिए चुनौती
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश पांडेय का मानना है कि समाजवादी पार्टी के लिए यह बड़ी चुनौती होगी। यदि अजय सिंह का टिकट पक्का होता है तो अंदर ही अंदर पार्टी में विरोध के सुर भी उठ सकते हैं, जिसका नुकसान चुनाव में हो सकता है। पुराने कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर नए आए नेता को टिकट मिलने से पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
कैंपियरगंज में गतिरोध
ऐसा ही कुछ मामला कैंपियरगंज विधानसभा सीट पर देखने को मिल रहा है। यहां साधु यादव और चिंता यादव के समर्थक नवीन यादव के विरोध में हैं। उनका दावा है कि उन्हें पार्टी अध्यक्ष से हरी झंडी मिल चुकी है। उन्होंने बाहर निकल कर चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है। हालांकि पार्टी आलाकमान सब कुछ ठीक होने की बात कह रहा है, लेकिन धरातल पर जिस तरह का माहौल दिख रहा है, उसे देखते हुए सब कुछ ठीक बिल्कुल भी नहीं है।
ग्रामीण सीट पर अंशुमान सिंह का खतरा
कमोबेश ऐसा ही हाल गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा में भी है। यहां कई दावेदार हैं, जैसे पूर्व जिला अध्यक्ष राम नगीना साहनी, फिल्म अभिनेत्री काजल निषाद और पार्टी से हाल ही में निष्कासित किए गए अंशुमान सिंह। वे पहले से ही इस क्षेत्र में अपनी तैयारी कर रहे थे। यदि वह निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं तो सपा के वोट काट सकते हैं। कुछ ऐसा ही हाल भारतीय जनता पार्टी में भी देखने को मिल रहा है, हालांकि अक्सर बीजेपी की अंदरूनी लड़ाई बाहर नहीं आ पाती, इसलिए ऐसा लगता है कि सब कुछ ठीक है।
भाजपा में भी सामंजस्य की कमी
कैंपियरगंज विधानसभा से कई बार के विजेता रहे फतेह बहादुर सिंह भी पार्टी स्तर पर पूरी तरह सामंजस्य नहीं बैठा पाए हैं। कई बार उनके समर्थक ऐसे पोस्टर लगाते हैं, जिससे पता चलता है कि शीर्ष नेतृत्व से उनके रिश्तों में कुछ कड़वाहट जरूर है। फतेह बहादुर सिंह बीजेपी के अलावा भी अन्य दलों से चुनाव लड़कर जीते हैं, और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी विजयी हो चुके हैं। चिल्लूपार विधानसभा सीट पर तीन बार के विधायक राजेश त्रिपाठी की दावेदारी भी खतरे में दिखाई दे रही है, क्योंकि तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला के भतीजे अष्टभुजा शुक्ला टिकट के लिए दावा पेश कर रहे हैं।
दलबदल की कतार और डैमेज कंट्रोल
कुछ दिन पहले भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष रहीं अस्मिता चंद ने बसपा का दामन थाम लिया, और उन्हें बसपा से टिकट मिलने की घोषणा भी हो चुकी है। इसी तरह, पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी पाला बदलकर सपा में चले गए। शिक्षक एमएलसी चुनाव में भी भाजपा को कई बागी नेताओं से जूझना पड़ा, और संजयन त्रिपाठी ने ऐन वक्त पर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था। राजनीतिक विश्लेषक राजदीप कहते हैं कि इन घटनाक्रमों से यह संदेश साफ गया कि भाजपा के अंदर भी सब कुछ ठीक नहीं है। गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ आकर पार्टी कार्यकर्ताओं, विधायकों, सांसदों और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं, और उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े ने गोरखपुर आकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की थी।
2027 से पहले अंदरूनी खींचतान
पॉलिटिकल एक्टिविस्ट आदित्य द्विवेदी कहते हैं कि 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले अंदरूनी खींचतान किसी भी पार्टी के लिए घातक साबित होती है। हालांकि यह हर बार देखने को मिलता है, लेकिन इस बार स्थितियां कुछ अलग दिखाई दे रही हैं। नेता पार्टी बदलकर दूसरी पार्टी में शामिल हो रहे हैं, एक सीट पर कई-कई दावेदार हैं, और पूर्व कार्यकर्ताओं की जगह नए आए लोगों को टिकट मिलने की संभावना जताई जा रही है। ये सभी बातें चुनाव के दौरान पार्टियों के लिए घातक साबित हो सकती हैं, क्योंकि इससे विरोध के सुर पैदा होंगे, जिनका खामियाजा वोट के रूप में सामने आ सकता है।
