उत्तर प्रदेश के मेरठ की IPS बेटी अदिति सिंह और हरियाणा के चरखी दादरी के IAS बेटे विवेक आर्य शादी के बंधन में बंध गए हैं। शुक्रवार को दोनों ने रस्मों के साथ विवाह किया। दोनों अधिकारी वर्तमान में हरियाणा के पंचकूला जिले में एक साथ तैनात हैं। वहां एक प्रशासन की कमान संभाल रहे हैं तो दूसरी कानून व्यवस्था की। 2021 बैच की IPS अधिकारी अदिति सिंह पंचकूला की DCP हैं और 2021 बैच के IAS अधिकारी विवेक आर्य अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) के पद पर कार्यरत हैं। अदिति को IPS बनने के बाद हिमाचल प्रदेश कैडर मिला था। विवेक को अपना जीवनसाथी चुनने के बाद वह हरियाणा कैडर में आ गईं।
IPS अदिति सिंह मूल रूप से मेरठ के कंकरखेड़ा की रहने वाली हैं। उनके पिता डॉ. संजीव सिंह MD फिजिशियन हैं और माता ज्योति सिंह मेरठ कलेक्ट्रेट में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं। अदिति ने UPPSC 2020 में 54वीं रैंक हासिल कर SDM का पद पाया था और इसके बाद UPSC परीक्षा में 679वीं रैंक प्राप्त कर IPS बनीं।
सोफिया गर्ल्स स्कूल से पढ़ाई, फिर BTech और UPSC
अदिति की स्कूली शिक्षा सोफिया गर्ल्स स्कूल से हुई। 12वीं की परीक्षा उन्होंने वर्ष 2013 में उत्तीर्ण की और उसके बाद गाजियाबाद के अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस से वर्ष 2017 में BTech किया। इसके बाद एक साल दिल्ली में रहकर तैयारी की और कोविड काल में घर पर तैयारी की।
हिमाचल प्रदेश कैडर के कार्यकाल के दौरान अदिति सिंह तब सुर्खियों में आई थीं, जब काफी छुट्टियां लेने के चलते उनका चार्ज एक जूनियर अधिकारी को दे दिया गया था। वह स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो, उत्तरी रेंज, धर्मशाला में तैनात थीं। इससे पहले वह धर्मशाला में एडिशनल SP के तौर पर भी काम कर चुकी हैं और इससे पहले सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में तैनात थीं।
सैनिक स्कूल से पढ़े विवेक आर्य की UPSC में 131वीं रैंक
2021 बैच के IAS अफसर विवेक आर्य हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गोपी गांव के निवासी हैं। उनके पिता विरेंद्र सिंह आर्य स्पेयर पार्ट्स के कारोबारी हैं। परिवार का बाढड़ा कस्बे में पिछले 50 साल से खाद-बीज का व्यवसाय है। विवेक ने सैनिक स्कूल कुंजपुरा से स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद चंडीगढ़ के DAV कॉलेज से रिकॉर्ड अंकों के साथ BA की डिग्री हासिल की। उनका चयन CDS में भी हुआ था। UPSC परीक्षा में 131वीं रैंक हासिल कर उन्होंने IAS अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया।
