प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सुबह 8 बजे पोस्ट कर लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
पंडित नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद, अब प्रयागराज, में हुआ था। वह महात्मा गांधी के नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे। देश की आजादी के बाद 15 अगस्त 1947 को उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। वह 27 मई 1964 को निधन तक इस पद पर रहे। उनके कार्यकाल में देश ने लोकतांत्रिक संस्थाओं, औद्योगिक विकास, शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल कीं।
शांति वन में कांग्रेस नेताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि
नेहरू जयंती पर शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत दिल्ली स्थित नेहरू के स्मारक शांति वन पहुंचे। तीनों नेताओं ने नेहरू की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है जयंती
पंडित जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर बुलाते थे। बच्चों के प्रति उनके स्नेह और शिक्षा को लेकर उनकी सोच के सम्मान में हर साल 14 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता है। इस दिन स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में बच्चों के लिए सांस्कृतिक, रचनात्मक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। बाल दिवस का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
