ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जमकर तारीफ की है। राहुल गांधी के अमेरिका दौरे के बाद पित्रोदा ने उनके व्यक्तित्व और सोच के बारे में कई खास बातें बताईं। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की सोच बहुत ही गहरी है और विरोधियों ने उनकी जो छवि बनाई है, वह सच्चाई से कोसों दूर है।
पित्रोदा ने पहले की थी पीएम मोदी की तारीफ
सैम पित्रोदा ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों का खूब बखान किया और उनकी जबरदस्त तारीफ भी की। इसको लेकर ओवरसीज कांग्रेस में उनके विरोध में आवाजें भी उठ खड़ी हुईं। राहुल गांधी के अमेरिका दौरे को मैनेज करने वाले पित्रोदा अब उनके बारे में भी जमकर कसीदे पढ़ रहे हैं और उनके बारे में कई अलग चीजें बता रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही अमेरिका दौरा किया है। इसको लेकर ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा हमेशा से ही मुखर और सक्रिय रहे हैं। लेकिन, इस बार राहुल गांधी के दौरे से ठीक पहले वे अपनी ही पार्टी के निशाने पर आ गए थे, क्योंकि उन्होंने वैचारिक मतभेदों को छोड़कर पीएम मोदी के व्यक्तित्व की जमकर सराहना की थी। अब राहुल गांधी का दौरा खत्म होने के बाद उन्होंने अपने नेता की शान में भी कसीदे पढ़े हैं।
राहुल गांधी का ज्ञान असाधारण है, बोले पित्रोदा
राहुल गांधी के अमेरिका दौरे को लेकर इंडिया टुडे न्यूज चैनल पर बातचीत के दौरान सैम पित्रोदा ने उनके बारे में कई नई और विशेष चीजें बताईं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के विरोधियों की ओर से उनकी जो छवि बनाई गई है, वह सच्चाई से कोसों दूर है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच और समझ बहुत ही गहरी है और एक तरह से उनके पास ज्ञान का भंडार है।
सैम पित्रोदा ने कहा, राहुल गांधी को मैं बहुत अच्छे से जानता हूं। उनकी सोच बहुत ही गहरी है। लोग जो सोचते हैं, उसके ठीक उलट। वह विश्लेषण करते हैं, उनकी सोच रणनीतिक है, बहुत ज्यादा पढ़ते हैं, कई क्षेत्रों में उनका ज्ञान असाधारण है। चाहे ड्रोन कैसे काम करता हो का मामला हो या अंतरिक्ष यान कैसे काम करते हैं, या दुनिया के अलग अलग हिस्सों में समाज कैसे काम करता है।
चंगेज खां की कहानी पर हुई लंबी चर्चा
पित्रोदा ने बताया कि उदाहरण के लिए कल उनके और राहुल गांधी के बीच चंगेज खां को लेकर एक लंबी चर्चा हुई। उन्होंने कहा, मैं बता दूं कि उनके पास चंगेज खां को लेकर जो जानकारी थी, चंगेज खां के परिवार के बारे में, उसके पिता के बारे में, उसके बेटे के बारे में, उसने अपनी मिलिट्री कैसे संभाली जैसी सारी बातें, मैंने बहुत कुछ सीखा। मैं बहुत ही ज्यादा प्रभावित था।
पित्रोदा के इस बयान के बाद कांग्रेस के भीतर और बाहर चर्चा तेज हो गई है। एक तरफ पित्रोदा पीएम मोदी की तारीफ को लेकर पार्टी में घिरे थे, तो दूसरी तरफ अब उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करके यह संदेश देने की कोशिश की है कि वह पार्टी के नेता के साथ खड़े हैं।
चंगेज खां कौन था
- चंगेज खां 13वीं सदी का मंगोल योद्धा था, जिसने मंगोल साम्राज्य की स्थापना की। - उसका असली नाम तेमुजिन था, जिसे बाद में लोग चंगेज खां के नाम से जानने लगे। - उसका साम्राज्य प्रशांत महासागर से यूरोप के काला सागर तक के विशाल क्षेत्र में फैला था। - आधुनिक इतिहासकारों का कहना है कि चंगेज खां का जन्म लगभग 1162 में हुआ और अगस्त 1227 में संभवतः ब्यूबोनिक प्लेग की वजह से उसकी मौत हो गई। - उसके पिता को उसके दुश्मनों ने जहर देकर मार दिया था, इसलिए वह बहुत ही कम उम्र में बेसहारा हो गया। - वह सामानी धर्म मानने वाला मंगोल था, जिसमें लोग आसमान को पूजते हैं। लेकिन नाम में खां होने की वजह से लोग उसे आमतौर पर मुसलमान समझ लेते हैं। - उसके शुरुआती 50 साल बहुत ही खराब गुजरे और उसके बाद जीवन इतना शानदार हो गया कि अपनी जगह दुनिया के महान योद्धाओं में शामिल कर लिया। - लगभग 15 साल में ही उसके योद्धा ऑस्ट्रिया, फिनलैंड, क्रोएशिया, हंगरी, पोलैंड, वियतनाम, बर्मा, जापान और इंडोनेशिया तक पहुंच गए थे। - दुनिया के क्रूर योद्धाओं में गिना जाने वाला चंगेज खां सिंधु नदी के तट तक भारत की सीमा पर आकर लौट गया और वह भारत में नहीं घुसा। - कुछ इतिहासकारों के मुताबिक वह जिस मौसम में भारत की ओर बढ़ रहा था, तब जबरदस्त गरमी थी और इसे झेलना उसके लिए और उसकी सेना के लिए बहुत ही कठिन था।
पित्रोदा के बयान के सियासी मायने
सैम पित्रोदा ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और राहुल गांधी के अमेरिका दौरे की तैयारियों में उनकी बड़ी भूमिका रही है। पीएम मोदी की तारीफ के बाद पार्टी के भीतर उन पर सवाल उठे थे। ऐसे में राहुल गांधी की तारीफ वाला उनका यह बयान पार्टी के भीतर संतुलन बनाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
राहुल गांधी के अमेरिका दौरे को लेकर कांग्रेस लगातार इसे सफल बता रही है, जबकि बीजेपी इस दौरे पर सवाल उठाती रही है। पित्रोदा के ताजा बयान से कांग्रेस को अपने नेता की छवि को लेकर एक और दलील मिल गई है। आने वाले दिनों में इस बयान पर बीजेपी की प्रतिक्रिया भी सामने आ सकती है।
