चंडीगढ़। दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के गाने फैंटम की रिलीज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। म्यूजिक लेबल सागा म्यूजिक ने इस गाने को यूट्यूब पर रिलीज करने का ऐलान किया है, लेकिन सिद्धू के माता-पिता बलकौर सिंह और चरण कौर ने इस रिलीज पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यह गाना उनकी अनुमति के बिना जारी किया जा रहा है।
सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक आधिकारिक बयान जारी कर सागा म्यूजिक के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि म्यूजिक लेबल बिना उनकी अनुमति या सहमति के गाने को रिलीज करने की तैयारी कर रहा है।
माता-पिता का आरोप
माता-पिता की तरफ से जारी बयान में दावा किया गया है कि सागा म्यूजिक ने बिना किसी वैध दस्तावेज और उनकी सहमति के फैंटम गाने को रिलीज करने का फैसला किया है। माता-पिता का कहना है कि उन्होंने पहले ही लेबल से गाने की रिलीज रोकने और इस मामले पर बातचीत के जरिए समाधान निकालने का अनुरोध किया था।
बयान में कहा गया है कि हम सिद्धू मूसेवाला की विरासत और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठा रहे हैं। हम अन्य सभी कलाकारों और म्यूजिक लेबल्स से भी अनुरोध करते हैं कि वह सिद्धू के गानों के अधिकारों या पेपरवर्क से जुड़ा कोई भी दावा या पब्लिक अनाउंसमेंट करने से पहले हमसे जरूर सलाह लें।
सागा म्यूजिक का पक्ष
सिद्धू मूसेवाला के परिवार के आरोपों के बाद सागा म्यूजिक ने भी अपनी सफाई दी है। म्यूजिक लेबल ने सोशल मीडिया पर कंटेंट असाइनमेंट एग्रीमेंट के पहले पन्ने की फोटो शेयर की, जिस पर कथित तौर पर सिद्धू मूसेवाला के हस्ताक्षर हैं। लेबल का कहना है कि पूरा एग्रीमेंट सार्वजनिक नहीं किया गया क्योंकि उसमें पर्सनल डिटेल्स और गोपनीय शर्तें शामिल हैं।
म्यूजिक लेबल के मुताबिक गाने के ऑडियो राइट्स के लिए सिद्धू मूसेवाला को रकम दे दी गई थी। लेबल ने यह भी स्पष्ट किया कि वह दिवंगत सिंगर के नाम, तस्वीर या संगीत का गलत इस्तेमाल नहीं कर रहा है, बल्कि सिद्धू द्वारा किए गए समझौते के आधार पर अपने कॉन्ट्रैक्ट संबंधी अधिकारों का इस्तेमाल कर रहा है।
लेबल का दावा
सागा म्यूजिक ने यह भी दावा किया है कि खुद सिद्धू ने अपने जीवनकाल में इस ट्रैक के रिलीज होने की बात स्वीकार की थी। लेबल के अनुसार, यह कोई पहले न सुना गया गाना नहीं है जिसे पहली बार पेश किया जा रहा है। संगीत पहले से मौजूद है और मौजूदा पहल इसे एक आधिकारिक ऑडियो और वीडियो रिलीज के जरिए दर्शकों तक पहुंचाना है।
लेबल ने कहा है कि वह सिद्धू मूसेवाला द्वारा खुद साइन किए गए एग्रीमेंट और सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट्स के आधार पर ही फैंटम की रिलीज के साथ आगे बढ़ रहे हैं। लेबल के मुताबिक, ऑडियो राइट्स और अन्य प्रोफेशनल खर्चों का भुगतान समय पर किया जा चुका है।
2022 में हुई थी हत्या
सिद्धू मूसेवाला की 29 मई, 2022 को 28 साल की उम्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी अचानक मौत के बाद उनके माता-पिता बलकौर सिंह और चरण कौर लगातार उनके फैंस के बीच उनकी विरासत को संजोए हुए हैं।
इस विवाद में दोनों पक्षों के दावे एक-दूसरे के उलट हैं। एक तरफ परिवार बिना अनुमति के रिलीज का आरोप लगा रहा है, तो दूसरी तरफ लेबल अपने कॉन्ट्रैक्ट्स और दस्तावेजों का हवाला दे रहा है। माता-पिता ने कानूनी कार्रवाई की बात कही है, ऐसे में यह मामला अब कानूनी दायरे में भी जा सकता है।
