
फिरोजाबाद। महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह द्वारा टूंडला, फर्रुखाबाद, इटावा, टूंडला खंड का निरीक्षण यान से विंडो-ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल, मुख्य योजना प्रबंधक गतिशक्ति यूनिट मनीष शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विंडो-ट्रेलिंग निरीक्षण भारतीय रेल का एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी निरीक्षण माध्यम है, जिसके अंतर्गत चलती ट्रेन निरीक्षण यान की खिड़की से रेल पथ तथा उससे जुड़े प्रतिष्ठानों जैसे सिग्नल, ओएचई, प्लेटफॉर्म एवं समपार फाटकों की स्थिति का सूक्ष्म अवलोकन किया जाता है। इस दौरान स्टेशनों की स्वच्छता, यात्री सुविधाएं, परिचालन की समग्र स्थिति, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग पर सवारी की गुणवत्ता, ट्रैक ज्योमेट्री इंडेक्स टीजीआई, ओएचई की स्थिति, समपार फाटकों की सुरक्षा, सिग्नल दृश्यता तथा सिग्नल बॉक्स की स्थिति जैसे महत्वपूर्ण मानकों की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने नीबकरोरी एवं मैनपुरी स्टेशनों का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम नीबकरोरी स्टेशन पर उन्होंने चल रहे विकास कार्यों का गहनता से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे मैनपुरी स्टेशन का निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक ने निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता, स्टेशन परिसरों की स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, शौचालयों की स्थिति तथा दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग हरिमोहन, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर अखिलेश कुमार, उप मुख्य परियोजना प्रबंधक, गति शक्ति यूनिट दीपक भारद्वाज, उप मुख्य यातायात प्रबंधक टूंडला अमित आनंद सहित विभिन्न विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। टूंडला खंड सहित संबंधित स्टेशनों की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं। उत्तर मध्य रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त उत्कृष्ट यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
फोटो टूंडला-6-रेलवे स्टेशन टूंडला का निरीक्षण करते महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह एवं अन्य अधिकारीगण



