
आगरा/नई दिल्ली। किसान राजनीति के पुराने धुरंधर केसी त्यागी ने एक बार फिर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का दामन थाम लिया है। जयंत चौधरी ने नई दिल्ली स्थित मावलंकर हॉल में उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर त्यागी ने साफ कहा कि उनका लक्ष्य पद पाना नहीं, बल्कि जयंत चौधरी को चौधरी चरण सिंह जैसी ऊंचाई पर देखना है
चरण सिंह की विरासत को फिर शिखर पर ले जाने का संकल्प’:
जनता दल यूनाइटेड के पूर्व मुख्य प्रवक्ता, महासचिव और पूर्व सांसद रहे केसी त्यागी अपने पुत्र और सैकड़ों समर्थकों के साथ रालोद में शामिल हुए। उनके साथ शिकोहाबाद के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री अशोक यादव भी अपने समर्थकों सहित पार्टी में आए। मावलंकर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में जयंत चौधरी ने दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया और कार्यकर्ताओं के बीच उनके शामिल होने की घोषणा की।
जयंत बोले- अनुभव और सोच से मजबूत होगा संगठन
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि केसी त्यागी और अशोक यादव के आने से पार्टी को वैचारिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि त्यागी जैसे अनुभवी नेता किसान, गांव, गरीब, मजदूर और नौजवानों की समस्याओं की गहरी समझ रखते हैं और उनके अनुभव से संगठन को नई दिशा मिलेगी।
पद नहीं विरासत को ऊंचाई देने आया हूं’—केसी त्यागी
खचाखच भरे हॉल में केसी त्यागी ने साफ शब्दों में कहा कि वह एमएलए या एमपी बनने के लिए नहीं आए हैं, बल्कि जयंत चौधरी को उनके दादा चौधरी चरण सिंह की तरह देश की राजनीति में ऊंचाई पर देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि चरण सिंह के दौर की राजनीति में जो किसानों और गांव की आवाज थी, उसे फिर मजबूत करने की जरूरत है।
कई जिलों के नेता भी शामिल, कार्यकर्ताओं में जोश
रालोद प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने बताया कि केसी त्यागी के साथ हापुड़, गाजियाबाद, मोदीनगर, मेरठ समेत कई क्षेत्रों के नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और अन्य नेता भी पार्टी में शामिल हुए हैं। इससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है।
आगरा से पहुंचे नेताओं ने किया स्वागत
कार्यक्रम में आगरा से गए रालोद नेताओं प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, नरेंद्र बघेल, प्रदेश सचिव डॉ. रुपेश चौधरी, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सतवीर रावत, प्रदेश महासचिव पुरुषोत्तम त्यागी, पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र सिंह वर्मा एडवोकेट, जिलाध्यक्ष गोविंद शर्मा, महासचिव रणधीर सिंह काका, मनजीत सिंह, मांगेराम आदि ने केसी त्यागी और अशोक यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया।



