उत्तर प्रदेशलखनऊ

सत्य के सानिध्य में आने पर जीवन में आता है आत्म विश्वास : डा दिनेश शर्मा

किसान की उपज से होती है देश की समृद्धि

लखनऊ । राज्यसभा सांसद एवं यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री यूपी डा दिनेश शर्मा ने कहा कि सत्य के सानिध्य में आने पर जीवन में आत्मविश्वास आता है। संतो का आर्शीवाद ही जीवन में चमत्कार बन जाता है। संतो के पास वह शक्ति है जिससे कि वे समाज को जाति के बंधन से मुक्त करते हैं। वे ऐसा समाज बनाते है जो जाति धर्म से ऊपर है और जिसमे सभी लोग सनातनी हैं। ये भारत की सनातन परम्परा का अनुरक्षण करते हुए देश को समृद्ध बना रहे हैं। इसीलिए कहा गया है कि जहां पर संत है वही पर बसंत भी होता है। भारत ऋषि और कृषि का देश रहा है और यहां पर किसान की उपज के बल पर ही देश की समृद्धि होती है।

विज्ञान खंड, गोमती नगर स्थित स्थानीय जाप स्थल एवं सेवा केंद्र में लाल महेंद्र शिव शक्ति सेवा समिति (ओम नमः शिवाय आश्रम) द्वारा सेवा कार्य के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रवचन एवं विशाल भंडारे में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति दुनिया की प्राचीन संस्कृतियों में से एक है। सनातन वह धर्म है जो पशु पक्षियों के भी कल्याण की भावना रखता है। वह हर धर्म के लोगों का कल्याण चाहता है। यह वह धर्म है जिसमे नाग को भी देवता मानते हुए उसे दूध पिलाने की परम्परा है।
उन्होंने कहा कि देश को आक्रान्ताओं ने लूटा जरूर पर वे यहां की संस्कृति को नष्ट नहीं कर सके। उनका कहना था कि गुरू सर्वश्रेष्ठ है क्योंकि वह समाज को राह दिखाने के साथ ही सबको साथ लेकर चलता है। इसके बावजूद आज के समय में परिजनों के बीच के सम्बन्ध बदल रहे हैं। विवाद भी पैदा हो रहे है पर ये भारत की संस्कृति नहीं हो सकती है। देवतुल्य माता पिता भी अब वृद्धाश्रम जाने को मजबूर है। ये उचित नहीं है।
डा शर्मा का कहना था कि देश आगे बढ रहा है जो 2047 में विकसित राष्ट्र बन जाएगा।

इस अवसर सूचना आयुक्त श्री पीएन द्विवेदी जी, दैनिक भास्कर के ब्यूरो प्रमुख श्री सचिन मुदगल जी, भाजपा प्रवक्ता श्री अवनीश त्यागी, पत्रकार श्री दिवस चतुर्वेदी जी, पत्रकार श्री विवेक त्रिपाठी जी, ठाकुर मनु प्रताप सिंह जी, श्री गिरीश मिश्रा जी आदि उपस्थित रहे।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button