
लखनऊ। विगत कुछ वर्षों में एक भारत श्रेष्ठ भारत का संकल्प सिद्ध हो रहा है। राष्ट्रीय स्वाभिमान के साथ ही राष्ट्रीय एकता का भाव भी प्रबल हुआ है। देश के सभी पर्यटन और तीर्थ स्थलों पर लघु भारत के दर्शन होते है। जनभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की प्रेरणा से युवा संगम चरण छ का आयोजन किया गया। इसमें अनेक कार्यक्रमों के माध्यम से अरुणाचल प्रदेश की समृद्ध कला एवं संस्कृति,पारंपरिक खानपान,प्रमुख पर्यटन स्थलों, इतिहास, सांस्कृतिक विरासत एवं आर्थिक परिदृश्य को प्रस्तुत किया गया। राज्यपाल ने कहा कि यह पहल पूर्वाेत्तर की सुरम्य वादियों से लेकर गंगा-गोमती की पावन धरती तक लोगों को जोड़ने का एक सजीव और सशक्त प्रयास है। प्रधानमंत्री का एक भारत, श्रेष्ठ भारत संकल्प साकार हो रहा है।



