शादी के तीन माह बाद ही उजड़ गया खुशबू का घर, दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने ली जान, शव लेकर भाग रहे आरोपी रास्ते में पकड़े गए

आगरा। थाना पिढौरा क्षेत्र के गांव रामपुर चंद्र सैनी में दहेज की काली देन ने एक नवविवाहिता की जान ले ली। खुशबू नाम की युवती की शादी को मात्र तीन माह ही हुए थे कि उसके ससुरालियों ने कथित तौर पर दहेज में बुलेट और तीन लाख रुपये न देने पर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी शव लेकर फरार हो रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मायके वालों ने उन्हें पकड़ लिया।
पिनाहट क्षेत्र के गांव टुबेलपुरा निवासी खुशबू (उम्र करीब 22 वर्ष) की शादी 20 फरवरी 2026 को पिढौरा थाना क्षेत्र के रामपुर चंद्र सैनी निवासी आकाश के साथ हुई थी। मृतका के पिता पृथ्वी सिंह** ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और तीन लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर खुशबू को प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
शव लेकर भाग रहे आरोपी, रास्ते में पकड़े गए
घटना के बाद ससुरालीजन खुशबू का शव इको गाड़ी में रखकर फतेहाबाद की ओर भाग रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मायके पक्ष को सूचना दे दी। परिजनों ने अरनोटा के पास गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि मौके पर सास-ससुर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए, जबकि बाकी आरोपियों को परिजनों ने पकड़ लिया।
किनके खिलाफ दर्ज हुआ केस?
पिता पृथ्वी सिंह ने पति आकाश, सास दाखश्री, ससुर नत्थीलाल, जेठ नीरज और जिठानी पिंकी पर सामूहिक रूप से हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मायके पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान , थाना पिढौरा पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।



