आगराउत्तर प्रदेश

मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, सामाजिक न्याय और विकसित भारत के स्वर्णिम अध्याय: डॉ. वीरेंद्र कुमार

विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, कहा - विकसित भारत 2047 केवल लक्ष्य नहीं, 140 करोड़ देशवासियों का राष्ट्रीय संकल्प

आगरा। आज भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में जे पी सभागार खंदारी आगरा में आयोजित विकसित भारत सम्मेलन में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने सेवा, सुशासन, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां अर्जित की हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि गरीब, किसान, महिला, युवा, अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग, जनजातीय समाज, दिव्यांगजन और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन की यात्रा है।
डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि 10 जून 2026 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक ऐतिहासिक दिन के रूप में दर्ज हुआ है, जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों तक लगातार देश की सेवा करने वाले देश के प्रथम प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि लोकतंत्र की शक्ति, जनता के विश्वास और “राष्ट्र प्रथम” की भावना की विजय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में स्वयं को “प्रधान सेवक” बताते हुए राजनीति को राष्ट्रनीति से जोड़ने का संकल्प लिया था और पिछले 12 वर्षों में देश ने इसे व्यवहार में साकार होते देखा है। आज 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं, 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते खुले हैं तथा डीबीटी के माध्यम से ₹51 लाख करोड़ से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई गई है। 81 करोड़ नागरिकों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे गरीबों के जीवन में सम्मान और सुरक्षा का भाव बढ़ा है।
सामाजिक न्याय पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ कुमार ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों को साकार करने की दिशा में सरकार ने सहायता नहीं, बल्कि सशक्तिकरण की नीति अपनाई है। आज 31 करोड़ से अधिक असंगठित श्रमिक ई-श्रम पोर्टल से जुड़े हैं, गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया गया है तथा जनजातीय समाज के विकास के लिए ऐतिहासिक स्तर पर बजट बढ़ाया गया है। पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक विकास पहुंचाया गया है।
महिला सशक्तिकरण को मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताते हुए उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई, जनधन योजना ने आर्थिक स्वतंत्रता दी और स्वयं सहायता समूहों ने आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त किया। आज तीन करोड़ से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं तथा 4.5 करोड़ से अधिक सुकन्या समृद्धि खाते बेटियों के सुरक्षित भविष्य का आधार बने हैं। महिलाओं को संसद एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर लोकतंत्र में उनकी भागीदारी को नई मजबूती मिली है।
डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिकार और सम्मान से जोड़ते हुए आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। 43 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं और करोड़ों मरीजों का उपचार हुआ है। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने 220 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज लगाकर दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 850 से अधिक हो गई है, 23 से अधिक नए एम्स स्थापित किए गए हैं तथा एमबीबीएस और पीजी सीटों में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा जेनेरिक दवा आपूर्तिकर्ता बन चुका है और जन औषधि केंद्रों के माध्यम से करोड़ों लोगों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
कृषि क्षेत्र पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों को ₹4.3 लाख करोड़ से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई है। कृषि बजट में पांच गुना वृद्धि हुई है, एमएसपी में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है और कृषि उत्पादन तथा निर्यात में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए डॉ. कुमार ने कहा कि आज भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। देश में दो लाख से अधिक स्टार्टअप, 125 से अधिक यूनिकॉर्न और लाखों रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, नई शिक्षा नीति, डिजिटल लर्निंग और स्टार्टअप इंडिया अभियान ने युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षण, ऋण और बाजार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा रहा है। अब तक 25 लाख से अधिक कारीगर इस योजना से जुड़े हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय में डॉ. कुमार ने कहा कि नया भारत आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के परिणामस्वरूप रक्षा उत्पादन ₹1.65 लाख करोड़ से अधिक तथा रक्षा निर्यात ₹42 हजार करोड़ के पार पहुंच चुका है। तेजस, ब्रह्मोस, आकाश और पिनाका जैसे स्वदेशी रक्षा प्लेटफॉर्म भारत की बढ़ती सामरिक क्षमता के प्रतीक हैं। वहीं, चंद्रयान की सफलता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
डॉ. कुमार ने कहा कि विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ी है। सफल जी-20 अध्यक्षता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक स्वीकृति, वैक्सीन मैत्री और ग्लोबल साउथ की आवाज के रूप में भारत की भूमिका इसकी पुष्टि करती है। साथ ही अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, केदारनाथ धाम, नया संसद भवन और कर्तव्य पथ “विरासत भी, विकास भी” के मंत्र को साकार करते हैं।

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प अब केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का राष्ट्रीय संकल्प बन चुका है। सभी नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से भारत एक विकसित, आत्मनिर्भर, समृद्ध और सामाजिक न्याय पर आधारित राष्ट्र के रूप में विश्व का मार्गदर्शन करेगा।

विधायक डॉक्टर धर्मपाल सिंह ने खचाखच भरे ऑडिटोरियम में संबोधित करते हुए कहा कि देश का हर नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की किसी न किसी योजना से लाभ ले रहा है और केंद्र की एनडीए सरकार सभी के जीवन को खुशहाल करने के लिए पूर्ण रूप से संकल्पित है।
विकसित भारत सम्मेलन से पूर्व भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री श्री वीरेंद्र खटीक जी ने उत्तर विधानसभा के लाजपत कुंज पार्क के बाहर स्थानीय नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं विशेषकर विधायक डॉक्टर धर्मपाल सिंह जी के साथ स्वच्छता अभियान चलाया।
स्वच्छता अभियान के बाद केंद्रीय मंत्री जी ने लाजपत कुंज आवासीय समिति के साथ एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।वृक्षारोपण में भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता,विधायक डॉक्टर धर्मपाल सिंह,महेश शर्मा,मनवीर चौहान, दीपू जादोन,अशोक कपूर,विजय सहगल,अविनाश खुराना,आदि स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

वृक्षारोपण के बाद माननीय मंत्री जी ने भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता जी एवं विधायक डॉक्टर धर्मपाल सिंह जी के साथ मेट्रो स्टेशन आर बी एस कॉलेज का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आज के विकसित भारत सम्मेलन में मुख्य रूप से केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक,केंद्रीय राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल,राज्यसभा सांसद नवीन जैन, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक धर्मपाल सिंह, विधायक जी एस धर्मेश,पूर्व सांसद प्रभुदयाल कठेरिया,नागेन्द्र गामा,अभियान संयोजक मनवीर चौहान, टी एन अग्रवाल,महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, दीपू जादोन,मनमोहन कुशवाह,मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल,विक्रांत तिवारी,बॉबी लाले,हरिओम बघेल,शरद चौहान अनिल सारस्वत,शशांक ठाकुर,विजय श्रीवास्तव,के के सिकरवार,गया प्रसाद लोधी,हिमांशु मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button