औरैया के एक किसान ने गांवों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की राह खोज ली है। उसने गोबर गैस को इस हद तक शुद्ध करने की तकनीक विकसित कर ली कि उससे इंजन और वाहन दोनों चलते हैं। यह सिस्टम किसानों के लिए बचत का जरिया बन रहा है। गोबर गैस के करोड़ों की लागत वाले बड़े औद्योगिक प्लांट तो बहुत हैं, लेकिन छोटे प्लांट बनाने का नवाचार गांवों की तस्वीर बदल सकता है।
कटघरा ब्रह्मनाथ गांव के कवीन्द्र सिंह ने तीन-तीन घनमीटर के दो छोटे प्लांट लगाकर अपनी पांच भैंसों के गोबर से बायोगैस तैयार की और उसी से बोरवेल का इंजन लगातार करीब 10 घंटे तक चलाया। इसमें एक कुंतल गोबर से बनी करीब 20 किलो गैस खर्च हुई। केवल चार प्रतिशत ही डीजल लगा। डीजल पर निर्भरता घटाने की यह कोशिश अब उनके स्टार्टअप का आधार बन चुकी है।
2014 में किताबें पढ़कर सीखी तकनीक, अब तक 20 प्लांट लगाए
ग्रेजुएशन पास कवीन्द्र सिंह ने साल 2014 में किताबें पढ़कर बायोगैस बनाने की तकनीक सीखी। शुरुआत में उनका मकसद सिंचाई के लिए डीजल का खर्च बचाना था। प्रयोग सफल हुआ तो उन्होंने इस तकनीक को आगे बढ़ाया। करीब 70 हजार रुपये की लागत से तैयार होने वाला तीन घनमीटर का प्लांट अब वह उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी स्थापित कर रहे हैं। अब तक करीब 20 प्लांट लगा चुके हैं।
ग्राम प्रधान और डेयरी संचालक रह चुके कवीन्द्र अब बायोगैस प्लांट लगाने के काम को उद्यम के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कानपुर के विकल्प फार्म में यह प्लांट चलाकर दिखाया। कवीन्द्र ने कहा कि उनका प्रयास है कि किसान गोबर को उपयोगी ईंधन और खाद में बदलकर खेती की लागत घटाएं। अपने गांव को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाकर बिजली और डीजल का खर्च बचाएं।
CNG के रूप में भी इस्तेमाल, आधा डीजल बचता है
कवीन्द्र ने बायोगैस को शुद्ध कर CNG के रूप में इस्तेमाल करने की व्यवस्था भी की है। इससे वह खुद ट्रैक्टर, कार और मोटरसाइकिल चला चुके हैं। उन्होंने बताया कि गोबर से बनी गैस में कई गैसों का मिश्रण होता है। फिल्टर की मदद से बायोगैस से कार्बन, सल्फर और नमी को अलग कर देते हैं। इसके बाद केमिकल की मदद से गैसों में रासायनिक क्रियाएं कराकर मीथेन गैस का उत्सर्जन करते हैं और इससे CNG तैयार की जाती है। ट्रैक्टर समेत अन्य वाहनों में एयर क्लीनर से इंजन तक CNG सप्लाई की जाती है। इससे आधा डीजल बचता है।
बिधनू के पलरा ढोंढर गांव स्थित 45 एकड़ के विकल्प फार्म में रासायनिक कीटनाशकों, यूरिया, DAP और पोटाश जैसी खादों के बिना खेती की जा रही है। संचालक विवेक चतुर्वेदी और उनकी टीम ने ऐसे उपकरण विकसित किए हैं, जिनसे खेती में डीजल, बिजली और बाहरी संसाधनों पर निर्भरता खत्म हो गई है। यहां बैटरी चलित ब्रश कटर से फसल जमीन की सतह से काटी जाती है, जिससे खेत में ठूंठ कम बचते हैं और पराली जलाने की जरूरत घटती है। इस तकनीक पर CSA कृषि विश्वविद्यालय के साथ पायलट प्रोजेक्ट भी चल रहा है।
