India Samachar 24
शनिवार, 14 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

ट्रेन में बुकिंग शुरू की तो 150 बर्थ थीं खाली, पेमेंट के समय 50 वेटिंग, भीड़ से स्पेशल ट्रेनें भी हांफ रहीं

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के दिलेजाकपुर अलीनगर के आकाश ने दिल्ली जाने के लिए शुक्रवार को सुबह 10 बजे जब IRCTC पर लॉगइन किया तो तत्काल कोटे की 150 सीटें खाली दिखीं। उत्साहित आकाश जैसे ही नाम, उम्र और अन…

ट्रेन में बुकिंग शुरू की तो 150 बर्थ थीं खाली, पेमेंट के समय 50 वेटिंग, भीड़ से स्पेशल ट्रेनें भी हांफ रहीं
छठ पर घर लौटने वालों की भारी भीड़ के चलते तत्काल टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के दिलेजाकपुर अलीनगर के आकाश ने दिल्ली जाने के लिए शुक्रवार को सुबह 10 बजे जब IRCTC पर लॉगइन किया तो तत्काल कोटे की 150 सीटें खाली दिखीं। उत्साहित आकाश जैसे ही नाम, उम्र और अन्य जानकारियां भरने के बाद भुगतान पर गए तो 50 वेटिंग हो गया। यह देख वे हैरान रह गए। दोबारा कोशिश करने पर भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी। यही स्थिति लगभग उन सभी यात्रियों की है, जिनके पास पहले से आरक्षित टिकट नहीं है और वे तत्काल के भरोसे हैं। त्योहारी सीजन में भीड़ के चलते स्पेशल ट्रेनें भी हांफ रही हैं।

गोरखपुर से मुंबई और दिल्ली के लिए तत्काल टिकट बुकिंग शुरू होते ही महज एक से डेढ़ मिनट में सारी सीटें फुल हो जा रही हैं। बड़े शहरों से पूर्वांचल लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ और अवैध सॉफ्टवेयर (बॉट्स) के इस्तेमाल के कारण भी कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। एक तरफ किसी भी ट्रेन में सीट नहीं मिल रही है, वहीं तत्काल भी साथ छोड़ दे रहा है।

रेलवे स्टेशन पर वार रूम 24 घंटे सक्रिय

यात्रा से 60 दिन पहले एडवांस बुकिंग के लिए सुबह 8 बजे कुल सीटों का एक हिस्सा ही आम बुकिंग के लिए खोला जाता है। बाकी सीटें तत्काल, लेडीज, बुजुर्गों और रास्ते के दूसरे बड़े स्टेशनों के लिए अलग रखी जाती हैं। एक्सप्रेस ट्रेनों में जनरल कोटा सबसे बड़ा होता है। इसमें भी कुल सीटों का करीब 50 से 60 फीसदी हिस्सा उनके लिए होता है, जो शुरुआत से आखिरी स्टेशन तक का सफर करते हैं।

यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था मजबूत की है। इसके लिए मुख्यालय और लखनऊ, इज्जतनगर तथा वाराणसी मंडल में बनाए गए वार रूम 24 घंटे सक्रिय हैं। यहां शिफ्टवार अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

प्लेटफार्म से ज्यादा भीड़ ट्रेन में, स्पेशल ट्रेनें भी हांफ रहीं

गोरखपुर रेलवे स्टेशन से रोजाना गुजरने वाली ट्रेनें तो खचाखच भरी ही रह रही हैं। त्योहार स्पेशल ट्रेनों में भी सवार होने के लिए मारामारी हो रही है। दूर दराज से गोरखपुर तक पहुंचे होल्डिंग एरिया में इंतजार कर रहे यात्री ट्रेन आने का एनाउंसमेंट सुनते ही संबंधित प्लेटफार्म पर बैग लेकर दौड़ पड़ रहे हैं।

शुक्रवार को जैसे ही अनाउंस हुआ कि त्योहार स्पेशल 04406 शकूर बस्ती मानसी जं की ट्रेन प्लेटफार्म 2 पर आ रही है, होल्डिंग एरिया से यात्री अपना बैग लेकर प्लेटफार्म 2 पर पहुंच गए। करीब 3.40 बजे ट्रेन प्लेटफार्म पर पहुंची। यात्रियों की भीड़ ट्रेन में चढ़ने के लिए जद्दोजहद करने लगी। प्लेटफार्म पर उतनी भीड़ नहीं रही होगी, जितनी भीड़ ट्रेन के अंदर थी। जनरल कोच में यात्री सीटों से लेकर गलियारे तक भरे हुए थे। परिवार के साथ छठ मनाने के लिए शकूरबस्ती से चढ़े कुकेश्वर ने बताया कि उन्हें मानसी जाना है। ट्रेन में भीड़ बहुत है। सीट तो मिल गई है, लेकिन एक बर्थ पर 6 से 7 लोग बैठे हैं।

छपरा लोकमान्य वाया गोरखपुर स्पेशल 16 को

05083/05084 छपरा लोकमान्य स्पेशल का संचलन दो फेरों के लिए किया जाएगा। 05083 छपरा लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल 16 और 21 नवंबर को छपरा से रात 8 बजे चलकर देर रात 2.35 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से चलकर तीसरे दिन दोपहर 12.00 बजे LTT पहुंचेगी।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →