India Samachar 24
शनिवार, 14 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

CM योगी की चिंता दूर करेगी भाजपा, यूपी में 1 महीने का मतदाता जोड़ो अभियान, 22, 23 और 24 नवंबर को पूरी पार्टी बूथ पर

CM योगी ने हाल ही में वोटर लिस्ट से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कम होने की बात कहते हुए इस पर चिंता जताई थी। इसके बाद भाजपा छूटे वोटरों को जोड़ने के लिए कमर कसकर मैदान में उतर गई है। भाजपा प्रदे…

CM योगी की चिंता दूर करेगी भाजपा, यूपी में 1 महीने का मतदाता जोड़ो अभियान, 22, 23 और 24 नवंबर को पूरी पार्टी बूथ पर
भाजपा यूपी में एक महीने का मतदाता जोड़ो अभियान चलाएगी, 22, 23 और 24 नवंबर को पूरी पार्टी बूथ पर दिखेगी।

CM योगी ने हाल ही में वोटर लिस्ट से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कम होने की बात कहते हुए इस पर चिंता जताई थी। इसके बाद भाजपा छूटे वोटरों को जोड़ने के लिए कमर कसकर मैदान में उतर गई है। भाजपा प्रदेश में एक महीने का मतदाता जोड़ो अभियान चलाएगी। यह मुहिम 19 नवंबर से 19 दिसंबर तक चलेगी। आगामी 22, 23 और 24 नवंबर को पूरी पार्टी बूथ पर दिखेगी। प्रदेश के 1.73 लाख बूथों पर पूरी पार्टी नजर आएगी। बूथ अध्यक्ष से प्रदेश अध्यक्ष तक और वार्ड मेंबर से लेकर मंत्री तक सभी इस दौरान सक्रिय रहकर नए और छूटे हुए मतदाताओं के वोट बनवाएंगे।

पार्टी का युवा और महिला मोर्चा अलग-अलग तिथियों में विशेष अभियान चलाएंगे। पार्टी ने 17 नवंबर को निर्वाचन आयोग द्वारा संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण (SSR) की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होते ही 19 नवंबर से उसे लेकर हर घर तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। जो भी नाम छूटे हैं, उन्हें खोजकर शामिल कराया जाएगा।

लगातार होगी मॉनीटरिंग

अभियान को लेकर पार्टी की जिलों में बैठकें 16, 17 और 18 नवंबर को होंगी। विधानसभा की बैठकें 19, 20 और 21 नवंबर को आयोजित की जाएंगी, जबकि 22, 23 और 24 नवंबर को प्रदेश के हर बूथ पर विशेष अभियान चलेगा। युवाओं, खासकर फर्स्ट टाइम वोटरों को जोड़ने की जिम्मेदारी खासतौर पर युवा मोर्चा को और महिलाओं को जोड़ने का जिम्मा महिला मोर्चा को दिया गया है। महिला मोर्चा 28, 29 और 30 नवंबर को घर-घर जाकर महिलाओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाएगा, जबकि युवा मोर्चा एक, दो और तीन दिसंबर को फर्स्ट टाइम वोटरों को जोड़ने की खास मुहिम चलाएगा। आगामी 13 दिसंबर को समीक्षा बैठकें होंगी। पूरे अभियान की प्रदेश मुख्यालय से मॉनीटरिंग होगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं की फौज केवल भाजपा के ही पास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि मतदाता सूची लेकर घर-घर जाएं। कोई भी पात्र व्यक्ति वोटर बनने से छूटे नहीं।

कार्यशाला में CM और डिप्टी CM के संबोधन

इंदिरा प्रतिष्ठान में शुक्रवार को हुई पार्टी की कार्यशाला में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पार्टीजनों से प्रदेश में प्रचंड बहुमत से तीसरी बार सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने नारे के अलावा कभी पिछड़ों और दलितों को कुछ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि किसी विधायक से आपकी नाराजगी हो सकती है, लेकिन उसके चक्कर में पार्टी का नुकसान न करें। केवल तीन बातें याद रखिए, मोदी, योगी और कमल का फूल।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भारत का विरोधी है, वही भाजपा का विरोधी है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा के मतदाता जोड़ो अभियान की प्रदेश कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए मतदाताओं और महिलाओं को लेकर भाजपा युवा मोर्चा और महिला मोर्चा जो विशेष अभियान चलाएंगे, उसे पार्टी का अभियान मानकर सभी लोग जुटें।

सात महीने में मतदाता सूची में बढ़े 20 लाख वोटर

यूपी की मतदाता सूची में पिछले सात महीने में करीब 20 लाख नए वोटर बढ़े हैं। अप्रैल से लेकर नवंबर में अभी तक ये नए वोटर मतदाता सूची में जुड़े हैं। पहले 13.39 करोड़ मतदाता थे और अब उनकी संख्या बढ़कर करीब 13.59 करोड़ हो गई है। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की प्रक्रिया चल रही है। 17 नवंबर को SSR की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होगी।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं। आगे 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को प्रत्येक बूथ पर विशेष अभियान चलाए जाने की तैयारियां की जा रही हैं। सभी 1.73 लाख पोलिंग बूथों पर BLO की मदद से लोग फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता फॉर्म भरकर वोटर बन सकते हैं। यूपी में पंचायत और नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची से करीब 2.38 करोड़ कम लोग यूपी की मतदाता सूची में हैं।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →