उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने और उनकी सप्लाई करने वाले नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। बहेड़ी में एक खंडहर में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री पर छापा मारकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं। पुलिस को इस मामले में पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क के सबूत भी मिले हैं।
एसओजी और बहेड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 14 और 15 नवंबर की दरमियानी रात बरेली बहेड़ी मार्ग पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले स्थित खंडहर में छापा मारा था। मौके से एक 315 बोर का तमंचा, एक 9 एमएम की पिस्टल, एक 315 बोर की राइफल, दो अधबनी 12 बोर की नाल, चार मोबाइल और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखराज सिंह, शानू मियां, जीवनदीप सिंह और जसनूर सिंह के रूप में हुई है।
खंडहर में कैसे चल रही थी फैक्ट्री
पुलिस के मुताबिक जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मिली गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। पूछताछ में पता चला कि आरोपी खंडहर में चोरी छिपे हथियार तैयार कर रहे थे। बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का एलान किया है और छापेमारी करने वाली टीम के लिए 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की है।
इंस्टाग्राम से पाकिस्तानी हैंडलर तक
जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि मुख्य आरोपी सुखराज सिंह पिछले आठ से दस महीने से अजमल गुर्जर के संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक अजमल गुर्जर पाकिस्तान में बैठे आतंकी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क का गुर्गा है। सुखराज इंस्टाग्राम पर रील देखने के दौरान अजमल के संपर्क में आया था। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम लाइव वीडियो के जरिए बातचीत होती थी।
पुलिस को आरोपी के मोबाइल से हथियारों की खरीद फरोख्त से जुड़ी चैट और एक लाइव कॉल की रिकॉर्डिंग भी मिली है। अजमल ने उसे बेहतर हथियार लेने के लिए पंजाब आने को कहा था, लेकिन पूछताछ में सुखराज ने बताया कि वह अभी तक पंजाब नहीं गया था। पुलिस का कहना है कि पंजाब में ड्रोन से हथियार सप्लाई की बात भी हुई थी, लेकिन अभी तक कोई लेनदेन साबित नहीं हुआ है। जांच में बहेड़ी के हिस्ट्रीशीटर इसरत पहलवान से भी आरोपियों के संपर्क की बात सामने आई है।
