वैदिक पंचांग के अनुसार, आज यानी 14 नवंबर को छठ महापर्व का दूसरा दिन है। लोक आस्था के महापर्व छठ का दूसरा दिन खरना कहलाता है, जिसे लोहंडा भी कहा जाता है। हिंदू धर्म में खरना का विशेष महत्व है। इसी दिन से व्रती का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू होता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, सच्चे मन से छठ का व्रत करने से संतान सुख की प्राप्ति होती है और संतान की लंबी उम्र का आशीर्वाद मिलता है। साथ ही छठी मैया और सूर्य देव की कृपा बनी रहती है।
पंचांग के अनुसार पंचमी तिथि की शुरुआत 13 नवंबर को रात 8 बजकर 42 मिनट पर हुई थी और इसका समापन 14 नवंबर को रात 11 बजकर 23 मिनट पर होगा। दिल्ली में आज सूर्यास्त शाम 5 बजकर 28 मिनट पर होगा।
खरना के दिन क्या-क्या होता है
इस दिन सुबह स्नान करने के बाद व्रत की शुरुआत होती है। शाम को सूर्यास्त के समय तक अन्न-जल ग्रहण नहीं किया जाता है। शाम को मिट्टी के नए चूल्हे पर खरना का प्रसाद बनाया जाता है। इसमें नए चावल, गुड़ और दूध की खीर तथा घी लगी रोटी बनाई जाती है। इसके साथ केला और मूली भी अर्पित की जाती है।
इस दिन सूर्यास्त होने के बाद व्रती केले के पत्ते पर यह प्रसाद रखकर छठी मैया और सूर्य देव की विधिपूर्वक पूजा करते हैं और उन्हें भोग लगाते हैं। इसके बाद शांत जगह पर बैठकर प्रसाद ग्रहण किया जाता है। इस प्रसाद को लोगों में भी बांटा जाता है।
प्रसाद के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है। इस व्रत का समापन छठ पूजा के आखिरी दिन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद होता है। इसके बाद छठ पूजा का प्रसाद लोगों में वितरित किया जाता है। छठ महापर्व के तहत 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ पारण होगा।
खरना के दिन न करें ये गलतियां
खरना के दिन घर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। प्रसाद बनाते समय किसी भी चीज को चखें नहीं। साथ ही किसी भी पूजन सामग्री को गंदे हाथों से छूना वर्जित है। खरना के दिन लहसुन, प्याज या किसी भी तरह के तामसिक भोजन का सेवन न करें। परिवार के अन्य सदस्यों को भी सात्विक भोजन ही करना चाहिए। खरना का प्रसाद नए बर्तन और मिट्टी के नए चूल्हे पर बनाएं, रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले बर्तनों में नहीं। घर में किसी से वाद-विवाद या अपशब्दों का प्रयोग न करें।
