India Samachar 24
शनिवार, 14 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

डीयू से ग्रेजुएशन, लगातार 2 बार UPSC क्रैक कर बनीं IPS, अब कानपुर देहात में हुई कशिश कालरा की तैनाती

यूपी सरकार ने राज्य में तैनात 12 प्रशिक्षु (ट्रेनी) IPS अधिकारियों की अलग-अलग जिलों और पुलिस कमिश्नरेट में फील्ड पोस्टिंग के आदेश जारी कर दिए हैं। इसमें 2024 और 2025 बैच के अधिकारियों को शामिल किया ग…

डीयू से ग्रेजुएशन, लगातार 2 बार UPSC क्रैक कर बनीं IPS, अब कानपुर देहात में हुई कशिश कालरा की तैनाती
दो बार UPSC क्रैक कर IPS बनीं कशिश कालरा की तैनाती अब कानपुर देहात में हुई है।

यूपी सरकार ने राज्य में तैनात 12 प्रशिक्षु (ट्रेनी) IPS अधिकारियों की अलग-अलग जिलों और पुलिस कमिश्नरेट में फील्ड पोस्टिंग के आदेश जारी कर दिए हैं। इसमें 2024 और 2025 बैच के अधिकारियों को शामिल किया गया है। इस लिस्ट में एक नाम युवा IPS अधिकारी कशिश कालरा का भी है। 2025 बैच की IPS अधिकारी कशिश कालरा की तैनाती कानपुर देहात में हुई है। उनकी सक्सेस स्टोरी काफी प्रेरणादायी है। UPSC जैसी कठिन परीक्षा को उन्होंने एक बार नहीं, बल्कि लगातार दो बार क्रैक किया है और IPS बनीं हैं।

कशिश कालरा हरियाणा के यमुनानगर की रहने वाली हैं। उनके पिता गुलशन कालरा फायर डिपार्टमेंट में ऑफिसर हैं। वह बेहद साधारण परिवार से आती हैं और पढ़ाई में शुरू से ही काफी अच्छी रही हैं। उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई यमुनानगर के एक प्राइवेट स्कूल से की। इसके बाद बेहतर पढ़ाई के लिए वह दिल्ली चली गईं, जहां से उन्होंने 12वीं की पढ़ाई की।

डीयू के लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन

12वीं की पढ़ाई के बाद उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। उनके माता-पिता कविता और गुलशन कालरा के मुताबिक कशिश ने 10वीं कक्षा में अपने स्कूल में टॉप किया था। बचपन से ही वह पढ़ाई के प्रति गंभीर और अनुशासित रही हैं। कॉलेज के दिनों में ही उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें सिविल सेवा में जाना है और उसी दिशा में अपनी तैयारी शुरू कर दी।

कशिश का मानना है कि UPSC जैसी परीक्षा में सफलता के लिए कोई जादुई तरीका नहीं होता। एक कोचिंग सेंटर में छात्रों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उन्होंने कोई अलग या खास रणनीति नहीं अपनाई। टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, कशिश पहली बार में सफल नहीं हो पाई थीं। लेकिन उन्होंने उम्मीद नहीं खोई।

दो बार UPSC क्रैक, 96वीं रैंक हासिल कर बनीं IPS

उन्हें UPSC में पहली बार सफलता दूसरे प्रयास में मिली। इस प्रयास में उन्हें 111वीं रैंक हासिल हुई। कशिश यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने एक और बार प्रयास किया और एक बार फिर उन्हें सफलता हाथ लगी। लगातार दो साल UPSC परीक्षा क्रैक कर उन्होंने सभी को चौंका दिया। साल 2025 में उन्होंने ऑल इंडिया 96वीं रैंक हासिल की।

यमुनानगर में आयोजित सम्मान समारोह में कशिश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए उसे लेकर स्पष्ट सोच और लगातार मेहनत जरूरी है। यह सफलता सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि उनके परिवार और पूरे शहर के लिए गर्व की बात है।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →