India Samachar 24
शनिवार, 14 नवंबर 2026
विज्ञापन
ad

दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में तीसरे नंबर पर मेरठ, रात 9 बजे AQI 540 पर पहुंचा, 72 घंटे से थमी हवा

72 घंटे से थमी हवा की रफ्तार और अत्यधिक आर्द्रता के बीच मेरठ की हवा में धूल और धुएं का गुबार छाया हुआ है। शुक्रवार को दिनभर धूप गायब रही और आसमान में धुंध छाई रही। रात नौ बजे एक्यूआई डॉट इन पर मेरठ क…

दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में तीसरे नंबर पर मेरठ, रात 9 बजे AQI 540 पर पहुंचा, 72 घंटे से थमी हवा
मेरठ की हवा में धूल और धुएं का गुबार छाया हुआ है, AQI 540 के स्तर पर पहुंच गया है।

72 घंटे से थमी हवा की रफ्तार और अत्यधिक आर्द्रता के बीच मेरठ की हवा में धूल और धुएं का गुबार छाया हुआ है। शुक्रवार को दिनभर धूप गायब रही और आसमान में धुंध छाई रही। रात नौ बजे एक्यूआई डॉट इन पर मेरठ का रियल टाइम AQI 540 का स्तर छू गया। इस AQI के साथ मेरठ दुनिया के सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में तीसरे नंबर पर रहा। AQI 546 और 544 के साथ रोहतक और सिरसा रियल टाइम में नौ बजे दुनिया के टॉप 2 सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में रिकॉर्ड किए गए।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) पोर्टल पर भी रात नौ बजे MIET केंद्र का AQI सर्वाधिक 337 रिकॉर्ड हुआ। शहर के पांचों निगरानी केंद्रों पर PM-10 और PM-2.5 प्रदूषक 350 से 500 के बीच दर्ज किए गए। तीन दिन से धुंध और धुएं की चादर में लोग सांस लेने में परेशानी महसूस कर रहे हैं। अस्थमा से पीड़ित मरीजों की स्थिति खराब है। स्वस्थ व्यक्ति को भी गले में खराश हो रही है। एक्यूआई डॉट इन ने मेरठ की हवा को बेहद खतरनाक मानते हुए मास्क लगाने और अत्यधिक समय तक सीधे खुले में न रहने की सलाह दी है।

नमी से प्रदूषक एक ही जगह सिमटे

मेरठ में हवा की गति शून्य है और अधिकतम व न्यूनतम आर्द्रता का स्तर 96 और 69 फीसदी है। ऐसे में शहर से निकले धूल और धुएं सहित सभी प्रदूषक आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। हवा की रफ्तार शून्य होने से प्रदूषकों की चादर तनी हुई है, जबकि नमी अधिक होने से यह एक जगह संघनित हो गए हैं।

शुक्रवार को मेरठ में दिन और रात का तापमान क्रमशः 26.5 और 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 72 घंटे से धूप गायब होने से शुक्रवार को दिन के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई और यह सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा।

कुछ हिस्सों में बौछार की संभावना, 17 नवंबर के बाद साफ होगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आज और कल मेरठ सहित वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। यह बौछारें सीमित स्थानों पर ही हो सकती हैं। कल पहाड़ों पर पहुंच रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा का रुख बदल सकता है। इससे प्रदूषण के और बढ़ने की आशंका है। 17 नवंबर के बाद मौसम पूरी तरह से साफ होने और मैदानों में उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के पहुंचने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बदलते मौसमी तंत्र के चलते प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने लगा है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में धुंध और कोहरे के साथ छिटपुट बारिश की संभावना जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में दृश्यता 200 से 800 मीटर के बीच रह सकती है। विशेष रूप से राजधानी लखनऊ और वाराणसी में अगले दो से तीन दिनों के दौरान कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 200 मीटर तक पहुंचने की आशंका है।

इस खबर को शेयर करें
न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क

इंडिया समाचार 24 की न्यूज़ डेस्क — देश और दुनिया की ताज़ा खबरें, सबसे पहले।

और देखें: न्यूज़ डेस्क →