आपातकालीन सेवाओं को और सशक्त बनाने की पहल: एंबुलेंस 108/102 स्टाफ का विशेष प्रशिक्षण, चिकित्सा अधीक्षक ने किया निरीक्षण

आगरा। जनपद में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने के उद्देश्य से सरकारी एंबुलेंस सेवा 108 व 102 के कर्मचारियों का विशेष प्रशिक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) आवलखेड़ा में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शरद चंद्र केसरी जी ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हुए निर्देश दिए कि हर आपात स्थिति में गोल्डन आवर का महत्व समझते हुए घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचकर मरीज को समय पर और गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक उपचार देना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर आगरा रीजन के प्रबंधक विनय गुप्ता की उपस्थिति में लखनऊ से आए क्वालिटी ऑडिटर त्रिवेश कुमार एवं ईएमएलसी विभाग के अनुभवी ट्रेनर वारिस हुसैन द्वारा प्रतिभागियों को इमरजेंसी केस मैनेजमेंट, पेशेंट हैंडलिंग, और प्री-हॉस्पिटल केयर की महत्वपूर्ण तकनीकों का गहन प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को इस काबिल बनाना है कि वे गंभीर एवं जीवन-रक्षक स्थितियों में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी निर्णय लेकर मरीज की जान बचा सकें साथ ही, मौके पर ही बेहतर प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचने से पहले मरीज की स्थिति को स्थिर रखा जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण टीम ने चिकित्सा अधीक्षक को सभी प्रशिक्षण मॉड्यूल्स, एंबुलेंस प्रोटोकॉल और फ्री हॉस्पिटल केयर सिस्टम की विस्तृत जानकारी दी।
सभी व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के बाद डॉ. केसरी ने एंबुलेंस स्टाफ की कार्यक्षमता, सेवा भावना और संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



