खंदौली में जलभराव,आने वाले चुनाव में जनता देगी जबाब : मनोज शर्मा

आगरा। खंदौली क्षेत्र में देर रात हुई बारिश के बाद आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर एक बार फिर जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है। हाईवे के कई हिस्सों पर पानी भर जाने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई, जिससे सुबह वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह स्थिति 2.40 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुई नाला निर्माण परियोजना पर सवाल खड़े कर रही है। बारिश के कारण खंदौली क्षेत्र में हाईवे के कई हिस्से पानी में डूब गए। सड़क पर पानी जमा होने से यह किसी तालाब जैसा दिख रहा था। सुबह के समय जब लोग अपने गंतव्य की ओर निकले, तो उन्हें जलभराव के कारण धीमी गति से चलना पड़ा और कई जगह से रास्ता बदलने को मजबूर होना पड़ा।
जन सहयोग संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया की जलभराव की इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 2 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से एक नाला निर्माण कार्य शुरू किया गया था। हालांकि, यह परियोजना अभी तक अधूरी पड़ी है। नाले का निर्माण पूरा न होने के कारण बारिश का पानी ठीक से निकल नहीं पा रहा है, जिससे हाईवे पर बार-बार जलभराव हो रहा है। सड़क पर भरे पानी से दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से कठिनाई हुई। कई स्थानों पर पानी में गहरे गड्ढे छिप गए थे, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहा। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यह समस्या हर साल की तरह बनी हुई है और इसका कोई समाधान नहीं निकल पाया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस बात पर चिंता व्यक्त की है कि करोड़ों रुपये की लागत से शुरू हुई नाला निर्माण परियोजना के बावजूद जलभराव की समस्या खत्म नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से अधूरे पड़े निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी परेशानियों से बचा जा सके। नहीं तो आने वाले चुनाव में नेता जी तैयार रहे इसका जबाब जनता ज़रूर देगी।



