खंदौली में घायल गाय के लिए अधिकारियों ने नहीं उठाया फोन, तो गौ रक्षको ने काटा हंगामा
डीके श्रीवास्तव

आगरा। खंदौली ब्लॉक परिसर में बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब गौ रक्षक एक घायल गाय के साथ खंड विकास अधिकारी (BDO) कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने कार्यालय के सामने घायल गौवंश को रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गौ रक्षकों की मुख्य मांगें निराश्रित गौवंशों को गौशाला भिजवाना और गौवंशों के लिए अन्य बेहतर व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करना है। उनके विरोध प्रदर्शन के चलते खंड विकास अधिकारी कार्यालय का ताला नहीं खुल सका, जिससे सरकारी कामकाज बाधित हुआ।
आपको बता दें जेआर अस्पताल के सामने आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर एक गाय अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गई। स्थानीय गोसेवक गिर्राज सिंह ने पशु चिकित्सक और सहायक विकास अधिकारी को फोन किया। दोनों अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया। इससे नाराज गोसेवक घायल गाय को खंड विकास कार्यालय ले गए। उन्होंने कार्यालय परिसर में गाय को रखकर विरोध प्रदर्शन किया। गोसेवकों ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोसेवकों को समझाया और शांत कराया। घायल गाय को पशु चिकित्सालय भेजा गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। गोसेवकों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बरती गई तो वे आंदोलन करेंगे।