खंदौली में एक सप्ताह में दो बार ट्यूबवेल की केबिल चोरी, किसान ने पुलिस से लगाई गुहार

आगरा। खंदौली थाना क्षेत्र के गांव मलूपुर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। एक किसान के ट्यूबवेल से एक सप्ताह के भीतर दो बार केबिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने थाना खंदौली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना खंदौली के गांव मलूपुर निवासी किसान मोहन सिंह पुत्र कुमारजीत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 मई 2026 को उनके ट्यूबवेल से करीब 125 मीटर केबिल चोरी हो गई थी। इसके बाद 13 मई 2026 की रात दोबारा चोरों ने ट्यूबवेल को निशाना बनाते हुए भूमिगत जा रही करीब 150 मीटर केबिल चोरी कर ली।
पीड़ित किसान ने बताया कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से वह परेशान है और खेती कार्य भी प्रभावित हो रहा है। घटना की सूचना यू पी 112 पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई
पीड़ित ने थाना खंदौली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर जल्द कार्रवाई एवं चोरी का खुलासा करने की मांग की है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है



