उत्तर प्रदेशफिरोजाबाद

स्टेशन इंप्रूवमेंट ग्रुप सीआईजी द्वारा इटावा जंक्शन एवं टूंडला जंक्शन का व्यापक निरीक्षण

मयंक सिंह

फिरोजाबाद। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज की एसएजी स्तर की स्टेशन इंप्रूवमेंट ग्रुप सीआईजी टीम द्वारा एनएसजी-3 श्रेणी के अंतर्गत आने वाले इटावा जंक्शन एवं टूंडला जंक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का मूल्यांकन कर उनकी गुणवत्ता एवं कार्यक्षमता में सुधार सुनिश्चित करना था।
इस दौरान प्रयागराज जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उप मुख्य यातायात प्रबंधक टूंडला अमित आनन्द, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तृतीय अंकित गुप्ता, वरिष्ठ सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, कानपुर शांतनु, उप मुख्य इंजीनियर गतिशक्ति एसपी पाण्डेय, उप मुख्य परियोजना प्रबंधक गतिशक्ति होतम सहित संबंधित निरीक्षक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। प्रयागराज मंडल के अंतर्गत आने वाले इटावा जंक्शन एवं टूंडला जंक्शन का पुनर्विकास ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत स्टेशनों का आधुनिकीकरण करते हुए उच्च स्तरीय यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। टूंडला स्टेशन पर भी आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, बेहतर यात्री सुविधाओं एवं आकर्षक स्टेशन भवन निर्माण के कार्य प्रगति पर हैं। निरीक्षण के दौरान सीआईजी टीम ने स्टेशनों पर उपलब्ध विभिन्न यात्री सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। एनएसजी-3 श्रेणी के निर्धारित मानकों के अनुरूप प्लेटफॉर्म स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, प्रतीक्षालय, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, टिकट काउंटर, पूछताछ सेवाएं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की गई। इसके अतिरिक्त यात्री सूचना प्रणाली, साइनेज, डिजिटल डिस्प्ले, एस्केलेटर/लिफ्ट, दिव्यांगजन सुविधाएं एवं उनकी कार्यशीलता का भी परीक्षण किया गया। खानपान स्टॉलों पर गुणवत्ता एवं निर्धारित दर सूची के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। इटावा जंक्शन के निरीक्षण के दौरान सीआईजी टीम ने नवनिर्मित द्वितीय प्रवेश द्वार पर नई स्टेशन बिल्डिंग के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने, वाहन पार्किंग हेतु पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करने तथा प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रथम प्रवेश द्वार पर उपलब्ध जनसुविधाओं के रखरखाव एवं स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना सुनिश्चित करने को कहा गया। टूंडला जंक्शन के निरीक्षण के दौरान नई स्टेशन बिल्डिंग के निर्माण कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने, सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने तथा प्रकाश व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। उत्तर मध्य रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button