उत्तर प्रदेश

भूमि अधिग्रहण पर चौधरी राकेश टिकैत के तीखे तेवर, बोले — अबकी बार होगी आर-पार की लड़ाई, 22 दिसंबर को नोएडा जीरो पॉइंट पर विशाल किसान महापंचायत

नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे भूमि अधिग्रहण को लेकर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने आज नोएडा में पत्रकार वार्ता के दौरान सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि किसानों को अब तक 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवज़ा और 10 प्रतिशत विकसित भूखंड नहीं दिए गए हैं। सरकार की इस उपेक्षा के खिलाफ अब निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।

उन्होंने घोषणा की कि 22 दिसंबर 2025 को नोएडा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर एक विशाल किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। टिकैत ने कहा — “अबकी बार किसान आर-पार के मूड में हैं। सरकार को अब जवाब देना ही होगा।”

टिकैत ने स्पष्ट किया कि यह महापंचायत आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर और नोएडा के जिला अध्यक्षों के संयुक्त नेतृत्व में होगी। इसके लिए एक संयुक्त कमेटी भी गठित की गई है जो सीधे अधिकारियों से संवाद करेगी।

उन्होंने किसानों की प्रमुख माँगों को दोहराते हुए कहा —
किसानों को 64.7% अतिरिक्त मुआवज़ा और 10% विकसित भूखंड तत्काल दिए जाएं। 15 वर्षों से अनुपयोगी भूमि (जैसे थीम पार्क, लेदर पार्क, जे.पी. टाउनशिप) किसानों को वापस लौटाई जाए।जे.पी. टाउनशिप समझौते को तत्काल लागू कर, फॉर्म भर चुके किसानों की भूमि उन्हें सौंपी जाए।
भूमि अधिग्रहण पुनर्वास अधिनियम 2013 के अनुसार 5 वर्ष तक उपयोग में न आई भूमि किसानों को लौटाई जाए।
यमुना एक्सप्रेसवे के निकट खाली पड़ी 5 लैंड पार्सल भूमि किसानों को कृषि हेतु लौटाई जाए।
ऐसे किसानों के नाम खसरा-खतौनी में दर्ज किए जाएं जिन्होंने न मुआवज़ा लिया है न अनुबंध किया है और 2009 से खेती कर रहे हैं।
एक्सप्रेसवे की दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण तत्काल किया जाए।

टिकैत ने कहा कि सरकार और प्राधिकरणों की मनमानी से किसान आर्थिक और सामाजिक रूप से टूट चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों की माँगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में आगरा जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया, मथुरा जिलाध्यक्ष मीरा सिंह, बुलंदशहर जिलाध्यक्ष अरब सिंह, अलीगढ़ जिलाध्यक्ष सुंदर सिंह बालियान, और नोएडा जिलाध्यक्ष मनोज मावी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आगरा से चौधरी बी.के. सिंह, कोमल सिंह बघेल, तथा तहसील अध्यक्ष रणजीत सिंह यादव भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button