रालोद का राष्ट्रीय अधिवेशन 16 नवंबर को कोसीकलां में, राष्ट्रीय अध्यक्ष की होगी औपचारिक घोषणा

आगरा। राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) का राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 16 नवंबर को मथुरा जनपद के कोसीकलां में आयोजित होने जा रहा है। इस अधिवेशन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की विधिवत घोषणा की जाएगी। अधिवेशन में पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी भी भाग लेंगे।
रालोद का राष्ट्रीय अधिवेशन 16 नवंबर को कोसीकलां में, राष्ट्रीय अध्यक्ष की होगी औपचारिक घोषणा।
यह जानकारी देते हुए राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने बताया कि यह अधिवेशन न केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि पार्टी की राजनीतिक दिशा और भविष्य की रणनीति तय करने वाला होगा।
कप्तान सिंह चाहर ने बताया कि राष्ट्रीय लोकदल का सदस्यता अभियान डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल 2025 से प्रारंभ होकर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर 2025 तक लगातार चला। यह लगभग 200 दिनों तक चलने वाला सदस्यता अभियान पार्टी के इतिहास में सबसे लंबा अभियान रहा, जिसमें सिर्फ उत्तर प्रदेश में 65 लाख नए सदस्य जोड़े गए।
उन्होंने कहा कि यह अभियान पार्टी की जमीन से जुड़ाव और संगठन की मजबूती का प्रमाण है। अब अधिवेशन में इन नए सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से लोकदल के नवयुग की नींव रखी जाएगी।
अधिवेशन में देशभर से हजारों प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक प्रस्तावों पर चर्चा होगी, जो आने वाले वर्षों में पार्टी की नीतियों और दिशा को तय करेंगे।
कप्तान सिंह चाहर ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसान मसीहा भारत रत्न चौधरी चरण सिंह और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नीतियों पर चलने वाला दल है। हम किसान, गांव, गरीब, मजदूर और नौजवान के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत हैं।
रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि यह अधिवेशन आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की नई रणनीति और नेतृत्व की घोषणा का शंखनाद साबित होगा।



