आगराउत्तर प्रदेश

इंडिया स्किल्स 2025–26 के अंतर्गत आयोजित उत्तर क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पहुंचे जयंत चौधरी

आगरा। इंडिया स्किल्स 2025–26 के अंतर्गत आयोजित उत्तर क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर अपने संबोधन में जयंत चौधरी जी ने कहा कि कौशल विकास और प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इससे युवाओं को अपने हुनर और प्रतिभा को दिखाने का अवसर मिलता है तथा अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास होता है।

इस उत्तर क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 9 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विजेताओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह उनकी सफलता की सिर्फ शुरुआत है और आगे उन्हें देश और दुनिया में अपना नाम रोशन करना है।
जो प्रतिभागी इस बार सफलता प्राप्त नहीं कर सके, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है बल्कि प्रेरणा लेकर आगे और बेहतर प्रयास करना चाहिए।
इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देती हैं।
युवाओं को अपने हाथ के हुनर और प्रतिभा को पहचानने तथा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यही प्रतिभागी देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि हरियाणा के प्रतिभागियों ने अधिक पुरस्कार हासिल किए।
सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को उन्होंने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि योग्यता किसी जेंडर की मोहताज नहीं होती, लड़कियां और लड़के दोनों समान रूप से अपनी प्रतिभा और कौशल के बल पर आगे बढ़ सकते हैं।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उनके बाबा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने भी आगरा से शिक्षा ग्रहण की थी, जिससे उनका इस क्षेत्र से विशेष लगाव है।
उन्होंने कहा कि आगरा देश के विकास का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (जेवर एयरपोर्ट) के निर्माण से आगरा सहित पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि दुनिया की बड़ी आर्थिक शक्तियां आज भारत और उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए उत्सुक हैं।
यूरोप के चार देशों की कंपनियां भारत में व्यापार के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगी।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button