संकल्पों धरातल पर उतारने से बना है नया आत्मनिर्भर भारत : डा दिनेश शर्मा
भारत दुनिया की टाप फाइव इकोनामी में शामिल

नई दिल्ली/लखनऊ। राज्यसभा सांसद एवं यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री यूपी डा दिनेश शर्मा ने कहा कि वर्तमान का नया आत्मनिर्भर भारत संकल्पों को धरातल पर उतरने से बना देश है। इस भारत के निर्माण सफर लम्बा जरूर था पर हौसले कम नहीं थे और मोदी सरकार ने जो ठान लिया था वह करके दिखाया है। विपक्ष सवालों में ही उलझा रहा और मोदी सरकार ने देश बदल दिया। विपक्षी सरकारों में घोटाले अखबारों की सुर्खियां होते थे अब सरकार की उपलब्धियां सुर्खियां बन रही है। विपक्ष को बिना किसी भ्रष्टाचार के देश में जो विकास हो रहा है वह पच नहीं रहा है।
राज्य सभा में विनियोग विधेयक पर चर्चा में भाग लेते हुए डा शर्मा ने कहा कि बजट के खर्च भविष्य की नींव है। यह भारत के सपनों का दस्तावेज है जिसके जरिए विकास को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो अंधेरों में उजाले का सपना सजाते हैं वही नया भारत बनाते हैं तथा ये बजट नये आत्मनिर्भर भारत के सपने को हकीकत में बदलेगा।
उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन केन्द्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस सरकार के कार्यकाल में खर्च को योजनाबद्ध करके वित्तीय घाटे को कम किया गया है। डीबीटी के जरिए हुए खर्च से करोडों रुपए की बचत हुई है। सरकार पर खर्च बढाने के विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि असल में ये खर्च इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास , गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण पर किया जा रहा है। गरीब का कल्याण बजट के केन्द्र में है तथा मुफ्त राशन , पीएम आवास के जरिए आवास , आयुष्मान योजना के जरिए स्वास्थ्य सुरक्षा खर्च नहीं बल्कि सामाजिक निवेश है।
सांसद ने कहा कि सरकार का लक्ष्य देश को विकसित बनाते हुए तीसरी सबसे बडी अर्थव्यवस्था बनाने का है और बजट में इसके लिए प्राविधान किए गए है। गरीब के आवागमन के साधन रेल के विकास के लिए बजट में बडी व्यवस्था हुई है। पिछली सरकारों में घोटालों की बाते जोर शोर से सुनी जाती थी पर वर्तमान सरकार में खर्च भी पूर्ण अनुशासन के साथ हो रहा है। सरकार की नीति और नीयत साफ है इसलिए हर क्षेत्र में नित नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।
रोजगार सृजन और कौशल विकास को युवा की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए केन्द्र सरकार की तमाम योजनाए युवाओं को हुनरमंद बनाने के साथ ही रोजगार देने वाला बना रही हैं। विपक्षी सरकारों के समय में बीमारु प्रदेश के रूप में बदनाम हुआ यूपी आज ग्रोथ इंजन के रूप में जाना जाने लगा है। समस्या के रूप में पहचान रखने वाला यूपी अब समाधान के रूप में पहचाना जाने लगा है। ये अन्तर यूपीए और एनडीए सरकार के बीच का है। आज भारत की अर्थव्यवस्था यूपीए सरकार के समय से दोगुना बडी हो चुकी है। भारत दुनिया की टाप फाइव इकोनामी में शामिल हो गया है। बजट आकार में यूपीए के समय से तीन गुना की और पूंजीगत व्यय में पांच गुना वृद्धि हुई है। ये विकास की कहानी कह रहा है।
सांसद ने कहा कि पिछली सरकारों के समय में येजनाए केवल फाइलों चलती थी पर आज के समय में योजनाएं जमीन पर तेजी से पूरी हो रही हैं। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार विभिन्न उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में इन्फ्रास्ट्रक्चर की क्रान्ति सी आ गई है। जन धन खाता , आधार कार्ड और मोबाइल की त्रिवेणी गरीबों के उन्नयन के दरवाजे खोल रही है। गरीबी हटाओं का नारा अब जाकर हकीकत में बदला है और 25 करोड लोग गरीबी की रेखा से बाहर आए हैं। रक्षा क्षेत्र की आत्मनिर्भरता दुनिया के लिए मिसाल है। तकनीक के क्षेत्र में देश ग्लोबल लीडर बनकर उभरा है।



