डॉ. विजय किशोर बंसल को मिली पीएचडी की मानद उपाधि, एकेडमी ऑफ यूनिवर्सल ग्लोबल पीस ने किया सम्मानित

आगरा। ताज नगरी आगरा के जाने-माने उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. विजय किशोर बंसल ने समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई है। वर्षों से समाज के प्रति समर्पित डॉ. बंसल को एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। एकेडमी ऑफ यूनिवर्सल ग्लोबल पीस संस्था ने उन्हें पीएचडी की मानद उपाधि से सम्मानित किया है।
डॉ. बंसल कई दशकों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े हुए हैं और यहीं से उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरणा मिली। “नर सेवा नारायण सेवा” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए उन्होंने समाज के हर वर्ग के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कोविड-19 महामारी के दौरान उनके सेवा कार्यों की देशभर में सराहना हुई। इस कठिन समय में उन्होंने जरूरतमंदों को 25 लाख फूड पैकेट वितरित किए, जिसके लिए उनका नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कर उन्हें सम्मानित किया गया।
समाज सेवा के क्षेत्र में डॉ. बंसल का योगदान अत्यंत व्यापक है। वे हजारों गरीब और कमजोर परिवारों के बच्चों की पूरी शिक्षा की जिम्मेदारी उठाते हैं—जिसमें फीस, किताबें, ड्रेस आदि शामिल हैं। इसके साथ ही वे जरूरतमंद एवं आदिवासी परिवारों की बेटियों की शादी में भी आर्थिक सहयोग प्रदान करते हैं, जिससे अनेक परिवारों को सहारा मिलता है।
मानव सेवा के साथ-साथ वे जीवों के प्रति भी संवेदनशील हैं। भीषण गर्मी के मौसम में वे पशु-पक्षियों के लिए जगह-जगह पानी की व्यवस्था करवाते हैं, जो उनकी करुणा और प्रकृति प्रेम को दर्शाता है।
समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने मथुरा में पांच प्राथमिक विद्यालयों की जिम्मेदारी ली है। इनमें से एक विद्यालय में RSS के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने स्वयं शिक्षा प्राप्त की थी। उनकी प्रेरणा से ही डॉ. बंसल ने इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
इसके अलावा, राजस्थान के करौली जिले में मां केला देवी के प्रति आस्था रखते हुए उन्होंने वहां एक वृद्ध आश्रम का निर्माण करवाया, जहां बेसहारा और तिरस्कृत बुजुर्ग सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका सफर प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने अपनी पढ़ाई डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से पूरी की और पढ़ाई के दौरान ही व्यवसाय में कदम रख दिया। आज वे एक सफल उद्यमी के रूप में देश-विदेश में अपनी पहचान बना चुके हैं।
डॉ. विजय किशोर बंसल को पहले भी टीम्स इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, पेरिस (फ्रांस) द्वारा डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया जा चुका है। इसके साथ ही उन्हें देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा विभिन्न पुरस्कारों और सम्मानों से नवाजा गया है।
उत्तर भारत में समाज सेवा के क्षेत्र में डॉ. बंसल का नाम आज एक विश्वसनीय और प्रेरणादायक व्यक्तित्व के रूप में लिया जाता है। उनका जीवन समाज के लिए समर्पण, सेवा और मानवता का एक जीवंत उदाहरण है।



