आगराउत्तर प्रदेश
21 जून को मुख्यमंत्री योगी की एत्मादपुर में जनसभा, सांसद ने किया निरीक्षण

आगरा। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं आगरा सांसद S. P. Singh Baghel ने 21 जून 2026 को मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली विशाल जनसभा की तैयारियों को लेकर एत्मादपुर स्थित मॉडल स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ उपजिलाधिकारी सुमित कुमार, समाज के कई प्रमुख साथी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
उपजिलाधिकारी सुमित कुमार ने भी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है।
इस अवसर पर समाज के लोगों और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने बताया कि मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती को भव्य रूप से मनाने की तैयारी की जा रही है और जनसभा में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।



