अपराधआगराउत्तर प्रदेश

बाइक सवारों ने सराफ को मारी गोली

आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के सुशील नगर में रविवार शाम गोली चलाने की घटना से दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवारों ने सराफ को तमंचे से गोली मार दी। वारदात के बाद हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग निकले। पीठ में गोली लगने पर खून से लथपथ सड़क पर गिरे सराफ को अस्पताल में भर्ती कराया। अपने बयान में उन्होंने पूर्व प्रेमिका के पिता और भाई पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार घटना शाम सात बजे की है। सुशील नगर के रहने वाले 28 वर्ष के आनंद वर्मा की घर के पास वर्मा ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। उनके पिता ओम प्रकाश वर्मा सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर हैं। वह अपने एक ग्राहक को मोती महल पर एक्टिवा से सामान देने जा रहे थे। मेहताब बाग के पास पीछे से आए बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर पीछे से गोली चला दीं। उनकी पीठ में लगने पर वह खून से लथपथ हो एक्टिवा से गिर पड़े। हमलावरों के गोली मारने के दौरान वहां से गुजरते राहगीर और आसपास के लोग सामने नहीं आए। हमलावरों के वहां से जाने के बाद लोग मौके पर पहुंचे। एक दुकानदार ट्रांस यमुना स्थित गोयल अस्पताल लेकर पहुंचा। तब तक सराफ के परिजन भी वहां पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख सराफ को दिल्ली गेट स्थित अस्पताल रेफर किया गया।

एसीपी छत्ता हेमंत कुमार ने बताया गोली सराफ की रीढ़ की हड्डी के पास लगी है। हालत खतरे से बाहर है। फिलहाल तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला बताया जा रहा
घायल सराफ ने अपने बयान में पूर्व प्रेमिका के पिता और भाई पर गोली मारने का आरोप लगाया है। घायल सराफ को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार घायल की हालत खतरे से बाहर है। सीसीटीवी की मदद से गोली मारने के आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button