किताबों पर बढ़ता कमीशन जेब पर पड़ रहा भारी, प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर रोक लगाई जाए : अंकित जुरैल

आगरा। छात्र सेवक अंकित जुरैल ने प्राइवेट स्कूलों द्वारा की जा रही मनमानी पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती हुई स्कूल फीस और प्राइवेट किताबों पर बढ़ता कमीशन सीधे तौर पर अभिभावकों की जेब पर भारी पड़ रहा है।
अंकित जुरैल ने कहा कि कई स्कूल अपनी मनमर्जी से फीस बढ़ा रहे हैं और बच्चों को केवल निर्धारित दुकानों से महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिसमें भारी कमीशन का खेल चल रहा है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के अभिभावकों के लिए बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना बेहद मुश्किल हो गया है।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि इन कारणों से कई अभिभावक अपने बच्चों की पढ़ाई बीच में ही छुड़ाने को मजबूर हो रहे हैं, जो कि शिक्षा के अधिकार के खिलाफ है।
अंकित जुरैल ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले का जल्द से जल्द संज्ञान लेकर जांच कराई जाए और प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर रोक लगाई जाए, ताकि हर बच्चे को सस्ती और समान शिक्षा मिल सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रों और अभिभावकों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।



