आगरा

कुत्तों को ठंड से बचाने के लिए नगर निगम की अनोखी पहल

आगरा। नगर निगम ने सर्दियों के मौसम में बेसहारा कुत्तों को ठंड से बचाने और उनके लिए एक सुरक्षित एवं आरामदायक आश्रय प्रदान करने के लिए एक अनोखी पहल की है। नगर निगम 100 से अधिक स्थानों पर स्क्रैप से बनाए गए विशेष बिस्तर स्थापित कराने जा रहा है। नगर निगम की यह पहल न केवल पशु कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि आगरा को पालतू अनुकूल (पेट फ्रेंडली) शहर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। बेसहारा कुत्तों के लिए स्क्रैप टायर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह ठंड से बचाने में मदद करें। टायर के अंदर नरम कपड़े या थर्मल सामग्री लगाई गई है, जो ठंडी जमीन से बचाव कर कुत्तों को गर्मी प्रदान करती है। इन बिस्तरों को ऐसे स्थानों पर रखवाया जा रहा है, जहां आवारा कुत्तों का जमावड़ा होता है, जैसे पार्क, खाली जमीन, बाजार और रिहायशी क्षेत्रों के कोने। इन विस्तरों को टिकाऊ और कम लागत में तैयार किया गया है। स्क्रैप टायर के उपयोग से पर्यावरण को भी फायदा होगा, क्योंकि यह अपशिष्ट प्रबंधन में मदद करता है।

नगर निगम पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर अजय सिंह के अनुसार इस योजना का एक मुख्य उद्देश्य कुत्तों के काटने की घटनाओं को कम करना है। जब आवारा कुत्ते सुरक्षित, आरामदायक वातावरण महसूस करेंगे, तो उनका व्यवहार शांत और मित्रवत होगा। यह योजना इंसानों और कुत्तों के बीच सामंजस्य बढ़ाने में भी मदद करेगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इन बिस्तरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और सर्दी के मौसम में कुत्तों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था करें। नगर निगम ने जागरूकता बढ़ाने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सूचना बोर्ड और पोस्टर लगवा रहा है जिनमें कुत्तों के प्रति सहानुभूति और जिम्मेदारी का संदेश दिया गया है।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button