image

दिल्ली में और बढ़ेगा बाढ़ का संकट, कई इलाकों में झमाझम बारिश

राजधानी दिल्ली में यमुना में आई बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यवस्त हो गया है। यमुना का पानी सड़कों पर आ जाने के कारण दिल्ली में कई स्थानों पर शुक्रवार को भी यातायात बाधित रह सकता है।

Delhi Flood : राजधानी दिल्ली में यमुना में आई बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यवस्त हो गया है। यमुना का पानी सड़कों पर आ जाने के कारण दिल्ली में कई स्थानों पर शुक्रवार को भी यातायात बाधित रहने के आसार हैं। हालांकि, कल के मुकाबले आज यमुना के जलस्तर में थोड़ी कमी आई है, लेकिन यमुना अब भी खतरे के निशान से 3 मीटर से अधिक ऊपर बह रही है। दिल्ली में सुबह 10 बजे यमुना का जलस्तर 208.38 मीटर पर दर्ज किया गया। हालात को देखते हुए खतरा अब भी कायम है। लालकिला, राजघाट, आईटीओ, यमुना बाजार, मोनेस्ट्री मार्केट, सिविल लाइंस आदि कई इलाकों की सड़कों पर पानी जमा होने से रास्ते बंद हैं। यमुना का जलस्तर में भले ही मामूली कमी आई है, लेकिन राजघाट और आईटीओ के आसपास पानी का बहाव काफी तेज होने से हालात डराने वाले हैं। इसके चलते इन सड़कों पर सुबह से ही जाम की स्थित बन गई है। बता दें कि, गुरुवार को अधिकतर इलाकों में यातायात बहुत धीमा रहा तथा यात्रियों को अपने गंतव्यों पर पहुंचने में बहुत परेशानी हुई। दिल्ली में अब तक 23,000 से अधिक लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया है। 

बाढ़ की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फ्रांस से दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना को फोन कर राजधानी में आई बाढ़ और जलभराव की स्थिति और उससे निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने सक्सेना को केंद्र सरकार से हरसंभव सहायता लेकर दिल्ली के हित में समुचित कदम उठाने के निर्देश दिए।

LIVE UPDATES :-

- आईटीओ पर आने और जाने के वाले रास्ते बंद हैं। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा दी है। कुछ गाड़ियां बस आवागमन कर रही हैं।

- खट्टर ने कहा कि यमुना में 1 लाख क्यूसेक पानी था, जो अगले दिन अचानक बढ़कर 3.70 लाख क्यूसेक हो गया. जहां तक पानी छोड़ने की बात है तो हमने अरविंद केजरीवाल से कहा है कि हम बैराज में सीमित मात्रा में पानी नियंत्रित कर सकते हैं।

- हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर का कहना है, "बाढ़ एक प्राकृतिक आपदा है और इस पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। हम बैराज में पानी को कंट्रोल नहीं कर सकते। लिमिट पार होने पर बैराज से पानी अपने आप छोड़ दिया जाएगा। 

- मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना में बढ़े जलस्तर से DJB का इंद्रप्रस्थ रेगुलेटर टूट गया था, जिसे ठीक करने का काम रात-भर चला। अभी मैंने भी वहां का दौरा किया। उम्मीद है कि अगले 4-5 घंटे में इसे ठीक कर लिया जाएगा। सरकार, NDRF और आर्मी की टीमें पूरी मेहनत से काम कर रही है। हमारी कोशिश है कि पानी शहर के अंदर नहीं घुसना चाहिए।

- दिल्ली में जारी बाढ़ के संकट के बीच राजधानी के कई इलाकों में एक बार फिर झमाझम बारिश शुरू हो गई है। इससे यमुना का जलस्तर फिर से बढ़ने की उम्मीद है। 

- यमुना बाजार में जलस्तर घटने से आधा फुट पानी कम हुआ है। हालांकि, लोग अपनी निजी नावों से ही अन्य जरूरी सामान को लेकर आ रहे हैं और खाने की व्यवस्था खुद ही कर रहे हैं। कई लोगों के फोन बाढ़ में बह गए हैं। मोबाइल चार्ज न कर पाने से दिक्कत हो रही है, जिससे मोबाइल बंद हो रहे हैं और संपर्क के साधन भी कम होते जा रहे हैं।

- सिविल लाइंस इलाके के संत परमानंद अस्पताल में भी बाढ़ का पानी भर गया है। अस्पताल के उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि 30 मरीजों को दूसरे अस्पताल भेजा गया है। अभी अस्पताल दोबारा शुरू होने में एक महीना लगेगा।

- दिल्ली में बाढ़ की स्थिति पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता मीनाक्षी लेखी ने कहा, ''लोगों में असहायता की भावना है। चुनी हुई सरकार दिल्ली में फेल हो चुकी है। बाढ़ नियंत्रण विभाग को भारी बजट मिलता है, लेकिन कुछ नहीं किया गया है। वे तटबंध बना सकते थे, राहत शिविरों के रूप में स्कूलों का उपयोग किया जाना चाहिए था। सीएम केजरीवाल केंद्र पर दोषारोपण करते रहते हैं और कोई जिम्मेदारी नहीं लेते।"

- दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ''कुछ मीडिया साथी पूछ रहे हैं अगर ऐसी आपातकाल की स्थिति में भी कुछ IAS अपने मंत्री की बात को अनसुना करेंगे तो सरकार कैसे काम करेगी? अश्वनी कुमार जी डिवीजनल कमिश्नर हैं, मगर बार बार मंत्री के कहने पर भी रात को NDRF को नहीं बुलाया गया। अध्यादेश की वजह से मनमानी करेंगे?

- आईपी डिपो और डीटीसी मुख्यालय में दो से 3 फीट पानी भरा हुआ है। उधर, बराबर में ही आईपी ट्रेन नंबर 12 है जिसे बंद करने के लिए अब सीमेंट के खाली कट्टो में रेत भरकर लाया जा रहा है। वहीं आसपास के क्षेत्रों में सीवर लाइन से पानी बैकफ्लो हो रहा है जिसके चलते नए क्षेत्रों में भी पानी पहुंच रहा है।

- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अलग-अलग कारणों से अलग-अलग इलाकों में पानी घुस गया। यहां ड्रेन रेगुलेटर टूटने के कारण, राजघाट पर नाले से पानी के बैकफ्लो के कारण और कई अन्य स्थानों पर यमुना नदी के ओवरफ्लो के कारण जलभराव हो गया है। उन्होंने कहा कि लोगों को जल्द ही राहत मिलनी शुरू हो जाएगी, पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है। 

- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज के साथ शुक्रवार को आईटीओ स्थित विकास भवन के पास उस स्थान का निरीक्षण किया जहां एक ड्रेन रेगुलेटर क्षतिग्रस्त हो गया है।

- दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, "यह ड्रेन नंबर 12 पर रेगुलेटर है और यह शहर से बारिश के पानी को यमुना नदी में ले जाता है। चूंकि नदी उफान पर थी, इसलिए कल शाम दबाव के कारण रेगुलेटर टूट गया, इसलिए, यमुना का पानी इस नाले के माध्यम से शहर में वापस बह रहा है। रात भर में सैकड़ों कर्मचारी यहां जुटे रहे, आईएफसी और जल बोर्ड के इंजीनियर भी थे। हम बोरियों से एक बांध बनाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि पानी शहर में प्रवेश करना बंद कर दे। 60% काम पूरा हो चुका है।"

Post Views : 268

यह भी पढ़ें

Breaking News!!