उत्तर प्रदेशलखनऊ

मिशन शक्ति’ फेज-5 के अंतर्गत एक भव्य ‘स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर’ का सफल आयोजन किया गया

लखनऊ विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के डी.पी. मुखर्जी हॉल में ‘मिशन शक्ति’ फेज-5 के अंतर्गत एक भव्य ‘स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर’ का सफल आयोजन किया गया। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम विश्वविद्यालय के यशस्वी कुलपति एवं संरक्षक प्रो. जय प्रकाश सैनी के कुशल संरक्षण में संपन्न हुआ। इस आयोजन में लखनऊ विश्वविद्यालय की मिशन शक्ति प्रोग्राम लीड डॉ. मानिनी श्रीवास्तव का विशेष सहयोग रहा। पूरे कार्यक्रम का मार्गदशन और संचालन समाजशास्त्र विभाग की प्रोफेसर प्रतिभा राज की देखरेख में किया गया। इसमें विभागाध्यक्ष प्रोफेसर प्रमोद कुमार गुप्ता ने अपना सहयोग दिया

कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत मुख्य अतिथियों के स्वागत और सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत समाजशास्त्र विभाग में मिशन शक्ति की समन्वयक प्रो. प्रतिभा राज ने विधिवत रूप से सत्र को शुरू किया। प्रो. प्रतिभा राज ने अपने संबोधन में ‘मिशन शक्ति’ के मूल उ‌द्देश्यों-नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर गहराई से प्रकाश डाला। उन्होंने बहुत ही प्रभावशाली ढंग से कहा कि सशक्तिकरण का मार्ग नारी के उत्तम स्वास्थ्य से होकर गुजरता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि “जो नारी शरीर और मन से स्वस्थ नहीं होगी, वह न तो स्वयं सशक्त हो सकती है और न ही समाज को मजबूती दे सकती है; स्वस्थ नारी ही सशक्त समाज की नींव है”। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल (SDG) 3 और 5 का जिक्र करते हुए लैंगिक समानता और स्वास्थ्य के संबंधों को समझाया और बताया कि विभाग के इतिहास में छात्राओं के लिए इस तरह का विशेष चिकित्सा शिविर पहली बार आयोजित किया गया है।

प्रो. प्रतिभा राज के पश्चात विभागाध्यक्ष प्रो. पी. के. गुप्ता ने अपनी बात रखी। उन्होंने विभाग की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाजशास्त्र विभाग सदैव अपने छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के प्रति सजग रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब विद्यार्थी का स्वास्थ्य बेहतर हो, और ऐसे शिविर छात्राओं में एक नया आत्मविश्वास पैदा करते हैं।

इसके बाद जागरूकता सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में SNHMC, गुजरात से आमंत्रित डॉ. पूजा दुबे नायक ने अपनी बात रखी और स्वास्थ्य से जुड़ी बारीकियों को साझा किया। उनके उपरांत दंत चिकित्सक (Dentist) डॉ. रुचि ने अपनी बात रखते हुए छात्राओं को मुख स्वास्थ्य (Oral Hygiene) के प्रति जागरूक किया और बताया कि कैसे छोटी-छोटी आदतों को सुधारकर हम बड़ी बीमारियों से बच सकते हैं। इस गरिमामयी अवसर पर समाजशास्त्र विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर और इंडियन सोशियोलॉजिकल सोसाइटी (ISS) के अध्यक्ष प्रो. डी. आर. साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और अपना मार्गदर्शन दिया। उनके साथ ही विभाग के प्रबुद्ध शिक्षकगण डॉ. सुषमा मिश्रा, डॉ. एस.के. ढाल, डॉ. आदित्य मोहंती और डॉ. लियाकत अली भी उपस्थित थे, जिन्होंने इस स्वास्थ्य पहल को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
सत्र के समापन पर विभाग की ओर से सभी अतिथियों और चिकित्सकों को धन्यवाद ज्ञापन (Vote of Thanks) दिया गया। इसके तुरंत बाद मुख्य हेल्थ चेकअप सत्र शुरू हुआ। हॉल में बनाए गए विशेष केबिन में डॉक्टरों की टीम ने छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्राओं ने

डॉक्टरों से व्यक्तिगत रूप से बात की और अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को खुलकर साझा किया। डॉक्टरों ने हर छात्रा की समस्याओं को ध्यान से सुना और उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श और सुझाव दिए। प्रो. प्रतिभा राज ने पूरी प्रक्रिया का स्वयं संचालन और पर्यवेक्षण किया, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि प्रत्येक छात्रा को विशेषज्ञों से सलाह लेने का पूरा मौका मिल सके। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित रहा, बल्कि इसने छात्राओं के बीच अपने स्वास्थ्य के प्रति एक नई चेतना और जागरूकता पैदा की।

Share this post to -

Related Articles

Back to top button