
फिरोजाबाद। रेलवे स्टेशन टूंडला पर उप महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे एके मिश्रा द्वारा टूंडला परिक्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्थाओं तथा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन करना था।
निरीक्षण के दौरान उप महाप्रबंधक ने ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत विकसित किए जा रहे टूंडला जंक्शन के विभिन्न स्थलों का गहन निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, नवनिर्मित स्टेशन भवन, बुकिंग कार्यालय, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन, प्लेटफॉर्म, नव निर्मित फुट ओवर ब्रिज, सर्विलांस रूम, टीटी कार्यालय, आरपीएफ कार्यालय तथा यात्री प्रतीक्षालय आदि का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उप महाप्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यात्री सुविधाओं को और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनाने तथा स्टेशन परिसर में पाई गई अनियमितताओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। इस मौके पर डिप्टी सीटीएम अमित आनंद, एसएस टूंडला सुजीत कुमार आदि के अलावा रेलकर्मी मौजूद रहे।



