
फिरोजाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उप मुख्य यातायात प्रबन्धक टूंडला अमित आनंद के नेतृत्व में टूंडला जंक्शन पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर टूंडला स्थित कंपनी बाग उद्यान में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित आनंद ने पर्यावरण संरक्षण हेतु अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के समुचित संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा हरित एवं सतत जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण का एक प्रभावी माध्यम है, बल्कि स्वच्छता, जैव विविधता के संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा हरित जीवनशैली को अपनाने के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कंपनी बाग उद्यान, टूंडला में लगभग 500 छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में मंडल विद्युत इंजीनियर प्रतीक यादव, चीफ कंट्रोलर एके उपाध्याय, अनीश सक्सेना, शुभम जौहरी, अखिलेश मीणा, सुरेन्द्र कुमार, सचिन मिश्रा, वसंत कुमार, अभिषेक कुमार, यश प्रताप सिंह सहित अनेक अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



