चंबल नदी में महिला को खींच ले गया मगरमच्छ

आगरा। थाना खेड़ा राठौर के भगवानपुरा गांव में मगरमच्छ एक महिला को चंबल में खींच कर ले गया। महिला की तलाश की जा रही है। पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई हैं। शनिवार सुबह 9 बजे पशुओं को पानी पिलाने चंबल किनारे पहुंची सिरोमनी (60) को मगरमच्छ नदी में खींच ले गया। महिला के चीखने की आवाज साथी चरवाहों ने सुनी। चरवाहे भी मदद के लिए चिल्लाने लगे। इस पर गांव वाले तुरंत नदी किनारे पहुंचे। प्रधान बच्छराज सिंह ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। नदी में जाल आदि डाल कर महिला की तलाश की जा रही है। अब तक महिला नहीं मिली है।चंबल में मगरमच्छ के अटैक की घटनाएं लगातार हो रही हैं। गौसिंली में बकरी को मगरमच्छ द्वारा चंबल नदी में खींचा गया था। कैंजराघाट पर नहाते समय गौसिंली और बिचोला के युवक मगरमच्छ के हमले में घायल हुए थे। बाह के रेंजर उदय प्रताप सिंह का कहना है कि नेस्टिंग से लेकर हैचिंग तक की प्रक्रिया में मगरमच्छ आक्रामक हो जाते हैं। वे अपने घोंसलों और अंडों को बचाने के लिए हमला करते हैं। इस समय हैचिंग का समय चल रहा है।