बल्केश्वर महालक्ष्मी मंदिर से निकाली गई निशान यात्रा

आगरा। जय श्री श्याम के जयघोष और हाथों में निशान लिए भक्तों के साथ आगरा खाटू वाले श्याम के रंग में रंग गया। बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर से निकली निशान यात्रा में भक्तों ने श्याम बाबा के भजनों पर नृत्य किया।
हरिबोल सेवा समिति के दो दिवसीय 10वें सामूहिक एकादशी उद्यापन के लिए यह यात्रा निकाली गई। संस्थापक ममता सिंघल ने बताया कि 7 फरवरी को महालक्ष्मी मंदिर पर खाटूश्याम भजन संध्या होगी, जबकि 8 व 9 फरवरी को उद्यापन किया जाएगा, जिसमें 80 से अधिक जोड़े विधि-विधान से पूजा
करेंगे। अध्यक्ष भोलानाथ अग्रवाल ने बताया कि उद्यापन का उद्देश्य सनातन धर्म की स्थापना को बढ़ावा देना है। यात्रा महादेव मंदिर, बल्केश्वर चौराहा, वाटर वर्क्स चौराहा, जीवनी मंडी मार्ग से होकर खाटूश्याम मंदिर पर समाप्त हुई। जगह-जगह फूल वर्षा कर भक्तों का स्वागत हुआ। भक्तिमय माहौल में महिला-पुरुष श्याम बाबा के जयकारे लगाते आगे बढ़े। इस अवसर पर संरक्षक डोली अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, विनीता अग्रवाल, महामंत्री विक्की गर्ग, कोषाध्यक्ष मोहन अग्रवाल, उपाध्यक्ष हरेश पंजवानी, दीपक अग्रवाल, शैलेश गुप्ता, रामगोपाल रहे।