image

राष्ट्रीय लोकदल की खेती जोतकर बने थे विधायक, अब दरवाजे हो चुके हैं बंद: जयंत चौधरी

अन्नू दुबे

आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा का चाहरवाटी, जिसका अनेकों ऐतिहासिक घटनाओं से संबंध रहा है। चुनाव प्रचार की अंतिम श्रृंखला में भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करने पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने उपस्थित जनसमुदाय को अपने पुराने संबंधों का हवाला देकर झकझोर दिया। जनसभा में मौजूद भारी भीड़ को देखकर उत्साहित जयंत सिंह ने कहा कि चाहरवाटी का अपने आप में इतिहास रहा है। इसे किसी जाति से नहीं जोड़कर क्षेत्रीय पहचान से जाना जाए। इस क्षेत्र से पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का विशेष लगाव रहा है। इसी माटी में जन्मे पूर्व मंत्री चौधरी अजय सिंह से चौधरी साहब का पारिवारिक संबंध रहा। चौधरी चरण सिंह ने हमेशा वंचितों, पिछड़ों के हितों के लिए कार्य किया। उन्हीं के कार्यों को आगे बढ़ा रहे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनको विशेष सम्मान दिया है। इससे पूर्व किसी भी दल ने उनको उचित सम्मान नहीं दिया। चौधरी चरण सिंह को मिला भारतरत्न देश के समस्त किसानों, पिछड़ों और कामगारों का सम्मान है। 

विधायक बाबूलाल का नाम लिए बिना साधा जमकर निशाना

फतेहपुर सीकरी लोकसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे रामेश्वर सिंह के पिता विधायक चौधरी बाबूलाल के बगावती तेवरों पर चौधरी जयंत सिंह खासे हमलावर दिखे। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने अंतिम बार विधानसभा का चुनाव लड़ा था, दिल्ली में चौधरी अजीत सिंह एवं उनके समक्ष आकर भीख मांगी थी। किसी और को मौका देने की बात कहने के बावजूद जिद पकड़ ली। उनको टिकट मिली, लेकिन जनता का भरोसा जीतने में नाकामयाब रहे। उनको जो कुछ भी मिला, सिर्फ रालोद की वजह से मिला। रालोद की जोती हुई खेती उन्हें परोस कर मिली। इसके बावजूद आज वो अपने मूल दल के साथ विश्वासघात करके चौधरी चरण सिंह एवं चौधरी अजीत सिंह के आदर्शों की अवहेलना कर रही हैं। उनके लिए अब रालोद के दरवाजे भी हमेशा के लिए बंद हो चुके हैं।

राजकुमार की गलती को माफ करके जिता दें प्रचंड मतों से चुनाव

जयंत सिंह ने भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर की सराहना करते हुए कहा कि इन्होंने रालोद के पदचिन्हों पर चलकर जनता के दिलों में जगह बनाई है। सांसद बनने के बाद इन्होंने बड़ी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। इसके कारण क्षेत्र में कम समय मिल पाया। इनके प्रयासों से ही क्षेत्र को गंगाजल मिलने जा रहा है। आलू अनुसंधान केंद्र स्थापित होने जा रहा है। इन्होंने अपनी गलती का इजहार कर लिया है। इनको प्रचंड मतों से जिताकर पुनः संसद भेज दें।

सांसद बनने पर चौधरी अजीत सिंह को देने गया था धन्यवाद: राजकुमार चाहर

सांसद प्रत्याशी राजकुमार चाहर ने कहा कि उन्होंने कभी भी अपने संस्कारों से समझौता नहीं किया। चौधरी चरण सिंह से प्रेरणा लेकर राजनीति शुरू की। चौधरी अजीत सिंह का सानिध्य पाकर आगे बढ़ा। इसके बाद भाजपा से सांसद बना तो दिल्ली जाकर चौधरी अजीत सिंह को धन्यवाद देने पहुंचा था। उनके अंदर मेरे सांसद बनने की खुशी इतनी ज्यादा थी कि भावुक होकर गले लगा लिया। राजकुमार चाहर ने कहा कि उन्होंने कभी भी जनता के हितों के खिलाफ जाकर कार्य नहीं किया। जिस दल में रहा, पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य किया। अब हमें राष्ट्रीय लोकदल का साथ मिल चुका है। आगामी कार्यकाल में समस्त वर्गों के हितों के लिए कार्य करेंगे।

जनसभा में रहे मौजूद
पंडित गोविंद शर्मा, रालोद प्रदेश प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर, राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, ब्रजेश चाहर, राजकुमार सांगवान, योगेश नौहवार, विधायक प्रदीप चौधरी, भूदेव प्रधान, अनीता चाहर, नरेंद्र बघेल, जिलाध्यक्ष महेश जाटव, फौरन सिंह इंदौलिया, रूपेश चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदौरिया, डॉ संजीवपाल सिंह, गुड्डू चाहर,जिला प्रवक्ता राजकुमार पथिक आदि मौजूद रहे।

Post Views : 77

यह भी पढ़ें

Breaking News!!